चिकित्सा महाविद्यालय में स्वतंत्रता दिवस की तैयारियां पूर्व सैनिकों सहित सुरक्षा कर्मियों ने किया मॉक ड्रिल व रिहर्सल
फिरोजाबाद , स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में तिरंगा यात्रा को लेकर बड़े जोर शोर के साथ तैयारियां जारी है प्राचार्य योगेश कुमार गोयल के नेतृत्व में गुरुवार को पूर्व सैनिकों सहित अन्य सुरक्षा कर्मियों ने परिसर में मॉक ड्रिल व परेड का रिहर्सल किया
शासन के निर्देशों के क्रम में स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय एवं सम्बद्ध चिकित्सालय परिसर में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान तथा आगामी 15 अगस्त को आयोजित होने वाले 79वें स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां अत्यंत हर्षोल्लास और भव्यता के साथ अंतिम चरण में हैं।
इसी क्रम में गुरुवार को कॉलेज प्राचार्य डॉ. योगेश कुमार गोयल के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में परिसर में एक विशेष परेड रिहर्सल एवं सुरक्षा तैयारियों का आयोजन संपन्न हुआ। जिसमे पूर्व सैनिक निगम लिमिटेड (यूपीआरएनएल) के तत्वावधान में चिकित्सा महाविद्यालय में तैनात सुरक्षा कार्मिकों ने 15 अगस्त को होने वाले मुख्य ध्वजारोहण व परेड समारोह हेतु अनुशासित कदमताल और परेड का रिहर्सल किया। पूर्व सैनिकों के अनुभवी दल द्वारा परिसर की सुरक्षा, आपातकालीन स्थितियों से निपटने और त्वरित कार्रवाई के मानकों को प्रदर्शित करते हुए एक जीवंत मॉक ड्रिल का भी आयोजन किया गया। पूरे अभ्यास सत्र के दौरान परिसर देशभक्ति के नारों और अनुशासित कदमताल की गूंज से राष्ट्रीय चेतना से सराबोर नजर आया।
प्रधानाचार्य डॉ. योगेश कुमार गोयल द्वारा सुरक्षाकर्मियों और पूर्व सैनिकों के इस उत्कृष्ट एवं अनुशासित प्रदर्शन की भूरि-भूरि प्रशंसा की गयी। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों का अनुभव और अनुशासन हमारे संस्थान के लिए गर्व का विषय है। स्वतंत्रता दिवस का यह राष्ट्रीय पर्व हमारे भीतर राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और सेवा की भावना को और अधिक सुदृढ़ करता है।
इस अवसर पर महाविद्यालय के पूर्व सैनिक निगम के प्रतिनिधि तथा सुरक्षा विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
रविंद्र वर्मा वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ के फिरोज़ाबाद ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। क्षेत्रीय मुद्दों पर ज़मीनी पकड़ के साथ वह समाचार कवरेज और रिपोर्टिंग का कार्य कर रहे हैं।
