आगरा में बाल विवाह पर पुलिस का छापा, सात फेरे से पहले रुकी शादी
आगरा। आगरा के थाना जगदीशपुरा क्षेत्र में मंगलवार को एक विवाह समारोह के दौरान अचानक पुलिस और चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम के पहुंचने से अफरा-तफरी मच गई। सात फेरों से ठीक पहले की गई इस कार्रवाई में एक नाबालिग किशोरी का विवाह रुकवा दिया गया।
जानकारी के अनुसार, थाना किरावली क्षेत्र के गांव अवेधीपुरा से बारात बिचपुरी स्थित एक फार्म हाउस पहुंची थी। शादी की रस्में शुरू होने ही वाली थीं, तभी 112 नंबर पर मिली गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस और चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम मौके पर पहुंच गई।
ये खबर भी पढ़े : चरवा में कांग्रेस की 'सद्बुद्धि पदयात्रा', अयोध्या में कथित चढ़ावा चोरी मामले पर भाजपा सरकार को घेराटीम ने वधु पक्ष से लड़की की उम्र से संबंधित दस्तावेज मांगे, लेकिन परिजन कोई वैध प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सके। जांच में पता चला कि लड़की की उम्र करीब 16 वर्ष है, जो कानूनी विवाह आयु से कम है।
इसके बाद चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए थाना जगदीशपुरा में शिकायत दर्ज कराई और किशोरी को अपने साथ ले गई। बाद में बालिका को बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया गया।
समिति के निर्देश पर माता-पिता से शपथ पत्र भरवाया गया, जिसमें उन्होंने भविष्य में बाल विवाह न कराने का आश्वासन दिया। फिलहाल किशोरी को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है और 15 दिन बाद फॉलो-अप के लिए बुलाया गया है।
पुलिस की इस कार्रवाई से एक संभावित बाल विवाह रुक गया और किशोरी का भविष्य सुरक्षित किया जा सका।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
