जालौन में बड़ा फेरबदल: उप जिलाधिकारियों के तबादले, कई तहसीलों में नई तैनाती
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को नए पदों पर तुरंत कार्यभार संभालने के दिए आदेश
उरई। जनहित एवं शासकीय कार्यों को ध्यान में रखते हुए बीती देर रात शुक्रवार को जालौन जनपद के जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने नवागंतुक उप जिलाधिकारियों एवं उप जिला मजिस्ट्रेटों की नई तैनाती के आदेश जारी किए हैं। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
जारी आदेश के अनुसार, विनय कुमार मौर्य, जो वर्तमान में माधौगढ़ के उप जिलाधिकारी एवं उप जिलाधिकारी (न्यायिक) के पद पर कार्यरत हैं, को उप जिलाधिकारी/उप जिला मजिस्ट्रेट कालपी बनाया गया है। अभिनव कुमार यादव को उप जिलाधिकारी/उप जिला मजिस्ट्रेट व न्यायिक उप जिलाधिकारी कोंच तथा अनीता देवी को उप जिलाधिकारी व उप जिलाधिकारी (न्यायिक) जालौन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसी प्रकार उत्तम कुमार तिवारी को उप जिलाधिकारी उरई की जिम्मेदारी सौंपी गई है, मनोज प्रकाश को उप जिलाधिकारी/उप जिला मजिस्ट्रेट न्यायिक माधौगढ़ एवं कुमार संजय को अतिरिक्त मजिस्ट्रेट उरई के पद के अतिरिक्त उप जिलाधिकारी (न्यायिक) कालपी नियुक्त किया गया है।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय द्वारा जारी आदेश में सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे तत्काल अपने नवीन पदों का कार्यभार ग्रहण करें। प्रशासनिक फेरबदल से विभिन्न तहसीलों में राजस्व एवं प्रशासनिक कार्यों के संचालन में तेजी आने तथा जनसुनवाई एवं शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की उम्मीद जताई जा रही है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
