लखीमपुर खीरी में भीषण सड़क हादसा, 4 की मौत, 2 गंभीर
लखीमपुर खीरी । उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। फरधान थाना क्षेत्र के लखनापुर चौराहे के पास तेज रफ्तार कार ने दो बाइकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों बाइकों पर सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार चालक समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने फरधान थाना पुलिस को कई बार फोन किया, लेकिन आरोप है कि समय पर कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। न तो कॉल रिसीव किया गया और न ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। बाद में नीमगांव थाना क्षेत्र की पीआरवी टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से घायलों को एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
ये खबर भी पढ़े : विजय मेमोरियल स्कूल ने रोपा हरियाली का बीज, पौधरोपण कर लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्पडॉक्टरों ने घायलों की हालत नाजुक देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया, जहां से दोनों को बेहतर इलाज के लिए लखनऊ भेज दिया गया। घायलों में कार चालक भानु प्रताप उर्फ शालू सिंह निवासी बेहजम और गुंजन दीक्षित निवासी मितौली शामिल हैं।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान मोहित शुक्ला (28), श्रीकृष्ण शुक्ला, अनुज कुमार और आदर्श कुमार के रूप में हुई है। सभी मृतक बरात से लौटकर अपने गांव जा रहे थे, तभी लखनापुर चौराहे के पास यह हादसा हो गया।इस दर्दनाक घटना के बाद इलाके में शोक की लहर है, वहीं पुलिस की देरी से पहुंचने को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश भी देखा जा रहा है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
