राष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप के पदक विजेताओं का भव्य सम्मान
जापान की अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित खिलाड़ियों व प्रशिक्षक का हुआ अभिनंदन
बडहलगंज(हरीश चंद सोनी की रिपोर्ट )। शितो-र्यू कराटे ट्रेनिंग सेंटर, मलांव, गोरखपुर की ओर से राष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप-2026 में शानदार प्रदर्शन कर जनपद का नाम रोशन करने वाले पदक विजेता खिलाड़ियों एवं कराटे प्रशिक्षक सेंसाई चंद्र प्रकाश मौर्य के सम्मान में रविवार को भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य एवं समाजसेवी आलोक गुप्ता ने खिलाड़ियों और प्रशिक्षक को प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मुख्य अतिथि आलोक गुप्ता ने कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र गौरव की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाएं आज राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रही हैं, यह पूरे जनपद के लिए गौरव की बात है। ऐसी प्रतिभाओं और उनके प्रशिक्षकों का सम्मान समाज के अन्य युवाओं को भी खेलों के प्रति प्रेरित करता है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं को खेलों से जोड़ना बेहद जरूरी है। खेल बच्चों और युवाओं को शारीरिक एवं मानसिक रूप से मजबूत बनाने के साथ-साथ उन्हें नशे और अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाते हुए निरंतर मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
समारोह में बताया गया कि ईशु पासवान ने राष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप-2026 में स्वर्ण पदक हासिल कर जापान में आयोजित होने वाली अंतरराष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता के लिए अपना चयन सुनिश्चित किया है। वहीं वंशिका पांडेय, कंचन यादव और ईशिका पासवान ने रजत पदक जीतकर गोरखपुर का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया।
कराटे प्रशिक्षक सेंसाई चंद्र प्रकाश मौर्य ने भी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में रजत पदक हासिल कर जापान में होने वाली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन प्राप्त किया। उन्होंने खिलाड़ियों की सफलता का श्रेय उनके कठिन परिश्रम, अभिभावकों के विश्वास और नियमित अभ्यास को दिया। उन्होंने खिलाड़ियों से अनुशासन और समर्पण के साथ निरंतर अभ्यास करते रहने का आह्वान किया।
समारोह में पदक विजेता खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षक को प्रशस्ति-पत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में अभिभावक, खेल प्रेमी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करने के लिए शुभकामनाएं दीं।
अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शितो-र्यू कराटे ट्रेनिंग सेंटर ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराने के लिए आगे भी निरंतर प्रयास करता रहेगा।
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 33 वर्षों का अनुभव रखने वाले संजय श्रीवास्तव वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ के गोरखपुर ब्यूरो प्रमुख के रूप में कार्यरत हैं। क्षेत्रीय और प्रशासनिक मुद्दों पर ज़मीनी रिपोर्टिंग के साथ वह निरंतर समाचार कवरेज करते हैं।
