थाने की सरकारी जीप बनी 'रील' का सेट, फिल्मी गाने पर युवक का वीडियो वायरल, पुलिस पर उठे सवाल
रील में ऐसा गाना इस्तेमाल किया गया है, जिसके बोल में पुलिस को लूटने का जिक्र है
बहराइच। पुलिस स्टेशन मटेरा की सरकारी पुलिस जीप में बैठकर एक युवक द्वारा फिल्मी डायलॉग और विवादित गाने के साथ रील बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किए जाने का मामला चर्चा का विषय बन गया है। वायरल वीडियो में युवक कभी सरकारी पुलिस वाहन में बैठा तो कभी थाना परिसर में बेखौफ अंदाज में रील बनाता नजर आ रहा है। इस घटना ने पुलिस की कार्यप्रणाली और सरकारी संसाधनों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही रील में ऐसा गाना इस्तेमाल किया गया है, जिसके बोल में पुलिस को लूटने का जिक्र है। सरकारी पुलिस वाहन में बैठकर इस तरह की रील बनाए जाने से लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। वीडियो सामने आने के बाद यह सवाल उठ रहा है कि आखिर एक आम युवक को थाने की सरकारी जीप तक पहुंच और उसमें बैठकर वीडियो बनाने की अनुमति किसने दी।
दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो त्रिलोकी जाटव नाम की इंस्टाग्राम आईडी से पोस्ट किया गया है। हालांकि, वायरल वीडियो की पुष्टि 'तरुण मित्र' नहीं करता है।
मामले में मटेरा थाना प्रभारी हरिकेश सिंह ने बताया कि सम्बन्धित युवक को पुलिस वाहन का पंक्चर बनवाने के लिए थाने में बुलाया गया था। वीडियो किस परिस्थिति में बनाया गया,इसकी जांच की जा रही है। सवाल यह उठता है कि यह न केवल पुलिस की लापरवाही का मामला है, बल्कि सरकारी संसाधनों के दुरुपयोग और थाने की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर प्रश्नचिह्न है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
