बेकाबू आवारा पशुओं का जमावड़ा, हादसों को न्योता दे रहे खूंखार सांड
नगर पालिका परिषद बांसी की सड़कों पर पशुओं के जमावड़ा ने बढाई चिंता
रितिक श्रीवास्तव, सिद्धार्थनगर संवाददाता
बांसी (सिद्धार्थनगर)। आदर्श नगर पालिका परिषद बांसी की सड़कों पर इन दिनों लावारिस और आवारा पशुओं का जमावड़ा आम जनजीवन के लिए गंभीर खतरा बन चुका है। शाम ढलते ही मुख्य चौराहों और पुलिस बूथ के आसपास आवारा मवेशियों व खूंखार सांडों का आतंक बढ़ जाता है। राहगीर, दुपहिया वाहन चालक और स्थानीय लोग रोजाना हादसों का शिकार होकर चोटिल हो रहे हैं, जबकि आपसी लड़ाई में ये बेजुबान जानवर भी बुरी तरह घायल हो जाते हैं।
स्थानीय नागरिकों एवं सहयोग समिति के प्रतिनिधियों ने बताया कि उन्होंने बांसी उपजिलाधिकारी (SDM) को ज्ञापन सौंपकर समस्या के समाधान की गुहार लगाई थी। इसके बावजूद नगर पालिका प्रशासन के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही है।
ज्ञापन के बाद भी उदासीन बना प्रशासन
सहयोग समिति के सदस्यों का आरोप है कि नगर पालिका परिषद बांसी में आवारा पशुओं को सुरक्षित रखने या कांजी हाउस/गौशाला भिजवाने की कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई है। पुलिस बूथ जैसी संवेदनशील जगहों पर भी खूंखार सांडों के झुंड मंडराते देखे जा सकते हैं।
जनता में भारी आक्रोश
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिम्मेदार अधिकारी इस गंभीर समस्या से मुंह मोड़े बैठे हैं। क्या नगर पालिका प्रशासन किसी बड़े हादसे या जानमाल के नुकसान का इंतजार कर रहा है? क्षेत्र के निवासियों ने जल्द से जल्द आवारा मवेशियों को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की मांग की है।
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
