ऋण पत्रावलियों के शीघ्र निस्तारण पर डीएम सख्त
बदायूं। जिलाधिकारी अवनीश राय की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला उद्योग बंधु की बैठक हुई। इसमें उद्यमियों की समस्याओं, विभिन्न योजनाओं के तहत ऋण पत्रावलियों की स्थिति और औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े मुद्दों की समीक्षा की गई।
डीएम ने ऋण पत्रावलियों को अनावश्यक रूप से लंबित रखने और बिना उचित कारण अस्वीकृत किए जाने पर बैंकर्स के प्रति नाराजगी जताई। बैंकर्स द्वारा कई आवेदकों के स्वयं ऋण लेने में रुचि नहीं होने की बात कही गई। इस पर डीएम ने दावे का सत्यापन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने ऋण आवेदकों की सूची कंट्रोल रूम को उपलब्ध कराने को कहा, ताकि आवेदकों से फोन पर संपर्क कर ऋण लेने में उनकी रुचि, आवेदन की स्थिति और ऋण न मिलने के कारणों की जानकारी ली जा सके। उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी ऋण पत्रावली को स्पष्ट कारण दर्ज किए बिना अस्वीकृत न किया जाए और पात्र आवेदकों की पत्रावलियों का नियमानुसार शीघ्र निस्तारण किया जाए। बैठक में सीडीओ गामिनी सिंगला, उपायुक्त उद्योग सचिन जैन सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 10 वर्षों का अनुभव रखने वाले शारिक नसीर वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ के बदायूं ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। क्षेत्रीय मुद्दों पर ज़मीनी पकड़ और तथ्यपरक कवरेज के साथ वह लगातार रिपोर्टिंग कर रहे हैं।
