मुख्यमंत्री योगी ने गोरखपुर को दी विकास परियोजनाओं की बड़ी सौगात
आस्थावान बनने का ठेका ले रहे आस्था पर प्रहार करने वाले: योगी
- मुख्यमंत्री ने गोरखपुर को सिक्सलेन फ्लाईओवर सहित 995 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी
- 813.52 करोड़ रुपये की चार परियोजनाओं का लोकार्पण, 181.77 करोड़ रुपये की 10 परियोजनाओं का शिलान्यास
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को गोरखपुर को 995 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देते हुए विपक्ष पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। जिले के पहले 2.6 किलोमीटर लंबे सिक्सलेन फ्लाईओवर समेत 813.52 करोड़ रुपये की चार परियोजनाओं का लोकार्पण और 181.77 करोड़ रुपये की 10 परियोजनाओं का शिलान्यास करने के बाद उन्होंने कहा कि ‘आस्थावान बनने का ठेका ले रहे आस्था पर प्रहार करने वाले’ आज जनता को उपदेश दे रहे हैं, जबकि सत्ता में रहते हुए उन्होंने आस्था, सुरक्षा और विकास—तीनों से खिलवाड़ किया।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन में बाधाएं खड़ी करने और रामभक्तों पर गोली चलवाने वाले आज आस्था की बात कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकारों ने युवाओं को रोजगार से वंचित किया, किसानों की उपेक्षा की और प्रदेश को दंगों, माफिया तथा भय के माहौल में धकेल दिया। उन्होंने कहा कि 2017 के बाद कानून व्यवस्था मजबूत हुई, निवेश बढ़ा और प्रदेश विकास की नई राह पर आगे बढ़ा।
योगी ने कहा कि कभी माफिया, इंसेफेलाइटिस और बदहाल बुनियादी सुविधाओं के लिए चर्चित गोरखपुर आज आधुनिक सड़क नेटवर्क, बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं, निवेश और पर्यटन का प्रमुख केंद्र बन चुका है। उन्होंने दावा किया कि गीडा में बड़े निवेश से हजारों युवाओं को रोजगार मिला है, प्रदेश में नौ वर्षों के दौरान नौ लाख से अधिक सरकारी नौकरियां पारदर्शी तरीके से दी गईं और निजी निवेश के माध्यम से लाखों लोगों को रोजगार मिला।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रामगढ़ताल अब पर्यटन और आजीविका का बड़ा केंद्र बन चुका है। बेहतर सड़क, रेल और हवाई संपर्क से गोरखपुर की आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिली है। उन्होंने लोगों से स्वच्छता, वर्षा जल संरक्षण और 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान से जुड़ने की अपील भी की।
इस अवसर पर सांसद रविकिशन, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार विकास, विरासत संरक्षण और सुशासन के संकल्प के साथ प्रदेश को विकसित बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
