मिर्जापुर में चोरी की बड़ी वारदात, ज्वेलर्स शॉप में सेंध लगाकर लाखों के आभूषण पार
पीछे की दीवार में सेंध लगाकर शॉप में की चोरी, 22 किलो चांदी और 14 ग्राम सोना लेकर हुए फरार
- रविवार को दुकान खोलते बिखरा मिला सम्मान, कैंची और पेचकस बरामद
- सेंधमारी की जांच में जुटी पुलिस, डॉग स्क्वाड ने भी खंगाला घटनास्थल
मिर्जापुर। कटरा कोतवाली क्षेत्र में रेलवे स्टेशन मार्ग स्थित प्रीशा ज्वेलर्स में शनिवार रात चोरों ने सेंध लगाकर लाखों रुपये के आभूषण चोरी कर लिए। वारदात का पता रविवार दोपहर दुकान खुलने पर चला। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।
दुकान मालिक रोहित विश्वकर्मा के मुताबिक, वह शनिवार रात करीब साढ़े आठ बजे रोजाना की तरह दुकान बंद कर घर चले गए थे। रविवार को दुकान खोलने पहुंचे तो पीछे की दीवार में सेंध लगी मिली। अंदर सामान बिखरा हुआ था। मौके से कैंची और पेचकस भी बरामद हुए हैं।
रोहित ने बताया कि दुकान में करीब 22 किलो चांदी और 14 ग्राम सोने के आभूषण रखे थे, जिन्हें चोर अपने साथ ले गए। दुकान के पीछे रेलवे की खाली जमीन है। आशंका जताई जा रही है कि चोर इसी रास्ते से दुकान के पीछे पहुंचे और दीवार में सेंध लगाकर अंदर दाखिल हुए।
घटना की सूचना पर कटरा कोतवाली पुलिस के साथ एसओजी, फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाड भी मौके पर पहुंचा। टीमों ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और चोरों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।
दुकान मालिक ने बताया कि इससे पहले उनके भाई की तबीयत खराब होने के कारण दुकान करीब तीन महीने तक बंद रही थी, लेकिन उस दौरान किसी तरह की चोरी नहीं हुई थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द ही वारदात का खुलासा करने का दावा कर रही है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
