घर के बाहर खेल रहे बच्चे पर छुट्टा गाय ने किया हमला, सिविल में भर्ती
कैंट इलाके के अर्जुनगंज का मामला
- पशुपालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी उसने गाय को खुला क्यों छोड़ा
लखनऊ। कैंट थाना इलाके में अर्जुनगंज में घर के बाहर खेल रही बच्ची पर गाय ने हमला कर दिया। इसका सीसीटीवी सामने आया है। इसमें पहले गाय बच्ची को सींग से दीवार पर दबाती, फिर जमीन पर पटक देती है। इसके बाद 1 मिनट तक उसे चारों पैरों से उछाल-उछाल कर रौंदती है। शोर सुनकर आए लोगों ने किसी तरह से उसे बचाया। इसके बाद बच्ची को गंभीर हालत में सिविल हॉस्पिटल में सुबह 10 बजे एडमिट कराया। जहां बच्ची का इलाज चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक़ बच्ची का नाम सुनैना है। वह सरसवां कॉलोनी के रहने वाले सिनोद कुमार की बेटी है। उसकी उम्र 5 साल है और क्लास फर्स्ट की छात्रा है। सिनोद मजदूरी करके बेटी को पढ़ा रहे हैं। घर वालों का कहना है कि बच्ची स्कूल से आने के बाद खेल रही थी। इसी दौरान वहां गायों का झुंड आ गया। इसमें से एक गाय अचानक बच्ची को मारना शुरू कर दिया। गाय के हमले के दौरान बच्ची की चीख सुनकर आसपास के लोग दौड़कर आ गए। डंडों और पत्थर से गाय को भगाने की कोशिश की। काफी मशक्कत के बाद गाय भागी।
सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि गाय ने हांकने के लिए आने वालों में से एक युवक को भी दौड़ा लिया। घायल बच्ची के चाचा बिन्नू ने बताया कि यहां पर गाय मारती ही नहीं, काटती भी है। लोग गाय को दूध के लिए सिर्फ पालते हैं। उसे दूध निकालने के बाद छुट्टा छोड़ देते हैं। मोहल्ले में दूसरे बच्चों को भी गाय दौड़ा चुकी है।
नगर निगम के पशु कल्याण अधिकारी अभिनव वर्मा ने कहा है कि अभी विस्तारित क्षेत्र में गाय पकड़ने पर रोक है, लेकिन हमलावर गाय को पकड़ा जाएगा। पशुपालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी कि आखिर उसने गाय को खुला क्यों छोड़ा। टीम कार्रवाई करने के लिए भेज रहे हैं। वहीं घटना के बाद नगर निगम की कैटल टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों गायों को पकड़ लिया।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
