अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस पर ज्ञान इंटरनेशनल स्कूल में वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन
प्रदीप सक्सेना
पीलीभीत तरुण मित्र ज्ञान इंटरनेशनल स्कूल, पीलीभीत में अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर कक्षा 11 एवं 12 के विद्यार्थियों के लिए एक ज्ञानवर्धक एवं विचारोत्तेजक वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का विषय था— “Social Media is Improving the Literacy Skills of Young People” (सोशल मीडिया युवाओं के साक्षरता कौशल को बेहतर बना रहा है)। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में तार्किक चिंतन, अभिव्यक्ति कौशल, आत्मविश्वास तथा समसामयिक विषयों पर स्वतंत्र एवं संतुलित विचार प्रस्तुत करने की क्षमता का विकास करना था। प्रतियोगिता में कुल 28 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया, जिनमें 14 विद्यार्थियों ने विषय के पक्ष में तथा 14 विद्यार्थियों ने विपक्ष में अपने विचार प्रस्तुत किए। प्रतिभागियों ने सोशल मीडिया के युवाओं की शिक्षा एवं साक्षरता पर पड़ने वाले सकारात्मक और नकारात्मक प्रभावों को विभिन्न तर्कों, उदाहरणों एवं तथ्यों के माध्यम से प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों की तार्किक क्षमता, विषय की समझ, भाषा-शैली, आत्मविश्वास तथा प्रभावी प्रस्तुति को विशेष रूप से परखा गया। पक्ष में विजेता विद्यार्थियों में प्रथम स्थान कक्षा XI-Red की वंशिका सिंह चौहान, द्वितीय स्थान कक्षा XI-Blue की अफरीन नूरी तथा तृतीय स्थान कक्षा XI-Red की मनन्या पांडेय ने प्राप्त किया। वहीं विपक्ष में प्रथम स्थान कक्षा XI-Red की आस्था राजपूत, द्वितीय स्थान कक्षा XII-Red की मनाल फातिमा तथा तृतीय स्थान कक्षा XI-Purple के मनराजदीप सिंह ने प्राप्त किया। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में डॉ. अरिज़ अल्वी, दीपक पाठक एवं आमिर अली शामिल रहे। प्रतियोगिता के सुचारु संचालन में आशीष मनराल एवं सचिन सक्सेना ने टाइमकीपर के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सभी विजेता विद्यार्थियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय की प्राचार्या पूजा छाबड़ा एवं विद्यालय के प्रबंध निदेशक देवेंद्र सिंह छाबड़ा ने विजेता एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ दीं तथा उन्हें भविष्य में भी इसी प्रकार उत्साह और आत्मविश्वास के साथ विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने वाद-विवाद जैसी प्रतियोगिताओं को विद्यार्थियों की बौद्धिक वृद्धि, तार्किक क्षमता एवं व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण साधन बताते हुए विद्यालय में ऐसे आयोजनों के निरंतर आयोजन की सराहना की। अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर आयोजित यह प्रतियोगिता विद्यार्थियों के लिए न केवल अपने विचार व्यक्त करने का मंच बनी, बल्कि उन्हें सोशल मीडिया के जिम्मेदार एवं विवेकपूर्ण उपयोग तथा शिक्षा में इसकी संभावनाओं पर गंभीरता से विचार करने का अवसर भी प्रदान किया।
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में आठ वर्षों का अनुभव रखने वाले प्रदीप सक्सेना वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ के पीलीभीत ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। क्षेत्रीय मुद्दों पर मजबूत पकड़ और ज़मीनी रिपोर्टिंग उनकी पहचान है।
