फतेहाबाद पुलिस का बड़ा एक्शन: टोहाना के कुख्यात नशा तस्कर की 30 लाख की संपत्ति फ्रीज
फतेहाबाद। नशा तस्करों को सलाखों के पीछे भेजने के साथ-साथ अब फतेहाबाद पुलिस ने उनकी काली कमाई और अवैध संपत्तियों को कुर्क करने का अभियान तेज कर दिया है।
इसी कड़ी में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए टोहाना के एक कुख्यात नशा तस्कर की करीब 30 लाख रुपये मूल्य की रिहायशी संपत्ति को फ्रीज करवा दिया है।
बुधवार को प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए एएसपी दिव्यांशी सिंगला ने बताया कि थाना शहर टोहाना पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए किला मोहल्ला, टोहाना के निवासी कुख्यात नशा तस्कर सुरेश की अवैध कमाई से अर्जित करीब 30 लाख रुपये मूल्य की रिहायशी संपत्ति को धारा 68-एफ एनडीपीएस एक्ट के तहत फ्रीज करवा दिया है।
पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके के नशा तस्करों में हडक़ंप मच गया है। एएसपी ने बताया कि इस पूरे नेटवर्क का खुलासा तब हुआ जब पुलिस ने पहले एक आरोपी लखबिंदर सिंह को 7.35 ग्राम हेरोइन के साथ दबोचा था।
पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी लखबिंदर ने लिखित रूप से यह स्वीकार किया कि उसने जब्त की गई हेरोइन सुरेश से खरीदी थी। इस खुलासे के तुरंत बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य सप्लायर सुरेश को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने उसके कब्जे से हेरोइन बेचकर कमाए गए तीन हजार रुपये की ड्रग मनी भी बरामद की थी। जांच के दौरान पुलिस टीम ने आरोपी द्वारा नशे के काले कारोबार से खड़ी की गई संपत्ति की पहचान की और कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए उसे पूरी तरह सीज कर दिया।
एएसपी दिव्यांशी सिंगला ने कहा कि पुलिस केवल तस्करों को जेल भेजने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि उनकी रीढ़ की हड्डी को पूरी तरह तोड़ देगी।
फतेहाबाद पुलिस अब तक 34 नशा तस्करों की अवैध संपत्तियों को फ्रीज करवाकर अपराधियों को स्पष्ट और कड़ा संदेश दे चुकी है। नशे के कारोबार से बनाई गई कोई भी अचल या चल संपत्ति कानून की जद से बाहर नहीं है।
भविष्य में भी तस्करों की गिरफ्तारी के साथ-साथ उनकी अवैध संपत्तियों को जब्त करने का यह प्रहार इसी तरह जारी रहेगा।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
