अमेरिकी क्रिकेटर अखिलेश रेड्डी पर लगा 8 साल का बैन
नई दिल्ली, 3 अगस्त । इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने यूनाइटेड स्टेट्स ऑफ अमेरिका (यूएसए) के क्रिकेटर बोडुगम अखिलेश रेड्डी पर सभी तरह के क्रिकेट से आठ साल का बैन लगा दिया गया है, जिन्हें एंटी-करप्शन ट्रिब्यूनल ने एंटी-करप्शन कोड के तीन नियमों का उल्लंघन करने का दोषी पाया है।
26 वर्षीय रेड्डी पर ये कार्रवाई संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में होने वाले अबू धाबी टी10 टूर्नामेंट के 2025 एडिशन से जुड़ी भ्रष्ट गतिविधियों के कारण की गई है। आईसीसी को एमिरेट्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने इस लीग के लिए 'डेजिग्नेटेड एंटी-करप्शन ऑफिशियल' (डीएसीओ) के तौर पर नियुक्त किया था।
आईसीसी के मुताबिक, रेड्डी का आठ साल का सस्पेंशन 21 नवंबर 2025 से लागू माना जाएगा, जब उन्हें पहली बार अस्थायी रूप से सस्पेंड किया गया था। ट्रिब्यूनल की औपचारिक कार्रवाई के बाद, रेड्डी को एंटी-करप्शन कोड के तहत तीन मुख्य नियमों का उल्लंघन करने का दोषी पाया गया है।
आईसीसी ने सोमवार को अपने बयान में कहा, "आर्टिकल 2.1.1: एडीटी10 2025 में मुकाबलों के नतीजे, प्रगति, आचरण या किसी अन्य पहलू को फिक्स करने, उसकी साजिश रचने या गलत तरीके से प्रभावित करने की कोशिश करना, या किसी भी तरह से फिक्सिंग या साजिश या गलत तरीके से प्रभावित करने के समझौते या प्रयास में शामिल होना। आर्टिकल 2.1.4: किसी दूसरे खिलाड़ी को एडीटी10 2025 के एक या ज्यादा मैचों में कोड के आर्टिकल 2.1.1 का उल्लंघन करने के लिए उकसाना, बहकाना, लालच देना, निर्देश देना, मनाना, बढ़ावा देना या जानबूझकर मदद करना (या ऐसा करने की कोशिश करना)। आर्टिकल 2.4.7: मोबाइल डिवाइस से डेटा और मैसेज डिलीट करके डीएसीओ की जांच में बाधा डालना, जो डीएसीओ की जांच के लिए अहम हो सकते थे।"
ये आरोप 19 नवंबर 2025 की सुबह एस्पिन स्टैलियंस के शुरुआती मैच से ठीक पहले एक होटल के कमरे में हुई एक घटना से जुड़े हैं। ट्रिब्यूनल ने पाया कि रेड्डी ने टीम के एक साथी खिलाड़ी ('प्लेयर ए' के तौर पर पहचाने गए) से संपर्क किया और टीम मैनेजमेंट के कहने पर बॉलिंग करते समय अतिरिक्त रन देने के लिए कहा।
जब 'प्लेयर ए' ने इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया और मामले की जानकारी आईसीसी एंटी-करप्शन यूनिट (एसीयू) को दी, तो उन्हें मैच से ठीक पहले शुरुआती प्लेइंग इलेवन से हटा दिया गया। तीसरे आरोप के संबंध में, रेड्डी ने स्वीकार किया है कि उन्होंने 19 नवंबर की सुबह 'प्लेयर ए' के साथ हुए व्हाट्सएप टेक्स्ट मैसेज और कॉल लॉग को खुद डिलीट किया था।
हालांकि, रेड्डी ने दावा किया कि यह उनके आईफोन पर सामान्य 'डेटा हाइजीन' प्रक्रिया थी, लेकिन ट्रिब्यूनल ने उनकी दलील खारिज कर दी और कहा कि रेड्डी ने एसीयू की जांच से पहले जानबूझकर ऐसे सबूत मिटाए जिनसे उन पर आरोप साबित हो सकते थे।
ये सजा माइकल जे. बेलॉफ केसी (चेयर), जस्टिस केट ओ'रीगन और लॉयड म्हीशी वाली तीन-सदस्यीय ट्रिब्यूनल की लंबी सुनवाई के बाद सुनाई गईं। रेड्डी ने नॉर्थ अमेरिका टी20 कप में केमैन आइलैंड्स के खिलाफ अपना अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया था, उन्होंने यूएसए के लिए चार टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में एक विकेट हासिल किया है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
‘तरुणमित्र’ श्रम ही आधार, सिर्फ खबरों से सरोकार। के तर्ज पर प्रकाशित होने वाला ऐसा समचाार पत्र है जो वर्ष 1978 में पूर्वी उत्तर प्रदेश के जौनपुर जैसे सुविधाविहीन शहर से स्व0 समूह सम्पादक कैलाशनाथ के श्रम के बदौलत प्रकाशित होकर आज पांच प्रदेश (उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और उत्तराखण्ड) तक अपनी पहुंच बना चुका है।
