नीट और सीबीएसई विवाद पर कांग्रेस कल निकालेगी देशव्यापी कैंडल मार्च-सत्याग्रह
नीट और सीबीएसई परीक्षा में कथित अनियमितताओं तथा छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में कैंडल मार्च
नई दिल्ली। नीट और सीबीएसई परीक्षा में कथित अनियमितताओं तथा छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस 25 जुलाई की शाम देशभर में जिला स्तर पर कैंडल मार्च और सत्याग्रह आयोजित करेगी। पार्टी ने सभी प्रदेश और जिला कांग्रेस इकाइयों को कार्यक्रम की तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं। कैंडल मार्च महात्मा गांधी या डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा तक जाएगा और छात्रों-युवाओं के साथ एकजुटता का संदेश देगा।
कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि परीक्षा प्रणाली की कथित विफलताओं से प्रभावित छात्रों के समर्थन में यह सत्याग्रह आयोजित किया जा रहा है। पार्टी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से तत्काल इस्तीफे की मांग भी दोहराई है। निर्देशों के अनुसार, प्रदेश कांग्रेस कमेटियों के साथ जिला और ब्लॉक इकाइयों, फ्रंटल संगठनों, विभागों, प्रकोष्ठों तथा कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
कांग्रेस ने कार्यक्रम को पूरी तरह शांतिपूर्ण, अनुशासित और प्रभावी ढंग से आयोजित करने पर जोर दिया है। साथ ही मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा गया है, ताकि छात्रों के समर्थन और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा का संदेश देशभर में पहुंच सके।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
