फतेहपुर । कलेक्ट्रेट महात्मा गाँधी सभागार में जिलाधिकारी श्रीमती निधि गुप्ता वत्स व पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के संयुक्त तत्वाधान श्रावणमास,कांवड़ यात्रा एवं चेहल्लुम आपसी सौहार्दपूर्ण माहौल एवं शांतिपूर्ण ढंग से मनाने के लिए अधिकारियों, विभिन्न संप्रदाय के धर्मगुरुओं, एवं जनपद के प्रतिष्ठित नागरिकों के साथ पीस कमेटी की बैठक सम्पन्न हुई। उन्होंने समस्त जनपदवासियों से कहा कि आपस में मिलजुलकर शांति व सौहार्दपूर्ण तरीके से त्यौहार मनाये एवं अफवाहों व झूठी खबरों पर ध्यान न दे । उन्होंने कहा कि त्यौहारों के दृष्टिगत निर्बाध रूप से विद्युत आपूर्ति की जाय, जिसके लिए जुलूस/यात्रा निकालने वाले मार्गो का सर्वे कराते हुए। आवश्यकतानुसार ढीले तारो, जर्जर पोलो को सही करा लिया जाय।
उन्होंने ग्रामीण/शहरी क्षेत्रों में मंदिरों के आसपास साफ सफाई, शुद्ध पेय जल, प्रकाश व्यवस्था, मोबाइल टॉयलेट आदि समुचित व्यवस्था करने के निर्देश संबंधितों को दिए। उन्होंने कहा कि उपजिलाधिकारी अपने क्षेत्र के यात्रा/जुलूस के मार्गो का निरीक्षण कर ले, साथ ही पढ़ने वाले घाटों में गोताखोर, आवश्यकतानुसार बैरिकेटिंग, जाल लगवा दे जिससे कि कोई दुर्घटना न होने पाए और सभी व्यवस्थाओं को संवेदनशीलता के साथ निगरानी भी करे। उन्होंने कहा कि घाटों/कावड़ यात्रा वाले मार्गो में यदि गड्ढे हो तो गड्ढे भरवा दिया जाए।
उन्होंने कहा कि आयोजकों के साथ भी बैठक कर ली जाय, जिससे कि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न रहे। डीजे की ध्वनि मा0 सुप्रीम कोर्ट के निर्धारित मानक के अनुरूप ही रखे। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया कि सभी सरकारी/निजी स्वास्थ्य केन्द्रों सभी आवश्यक दवाएं व सुविधाएं तैयार रखे, साथ ही प्रमुख मंदिरों और घाटों में प्राथमिक उपचार हेतु सभी स्वास्थ्य सुविधाओं की व्यवस्था कर ले, साथ ही एंबुलेंस तैनात रखे और वर्षाऋतु को देखते हुए सर्पदंश रोधी दवाओं की पर्याप उपलब्धता रखे।उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था खराब करने वालो पर कड़ी कार्यवाही की जाएगी, का सन्देश नागरिकों को दे दिया जाय। उन्होंने संबंधित विभाग त्यौहारों के दृष्टिगत पहले से तैयारियां कर ले और अपने दायित्वों का निर्वहन संवेदनशीलता के साथ करे। उन्होंने कहा कि धर्मगुरुओं/संभ्रांत नागरिकों द्वारा जो सुझाव दिए गए है पर नियमानुसार कार्यवाही करते हुए अमल में लाया जाय।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सभी व्यवस्थाएं कर ली गई है और आवश्यकतानुसार पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगा दी गई है एवं सीसीटीवी से भी निगरानी की जाएगी। यातायात को सुगम बनाने के लिए ट्रैफिक व्यवस्था सुद्रण करने के निर्देश दिए गए हैं।
इस अवसर पर, अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व), अपर पुलिस अधीक्षक, समस्त उपजिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका परिषद/नगर पंचायत, जिला पूर्ति अधिकारी, अधिशाषी अभियंता विद्युत, विश्व हिन्दू परिषद के प्रांतीय उपाध्यक्ष बीरेंद्र पांडेय, व्यापार मंडल अध्यक्ष शिवचंद्र शुक्ला सहित तहसीलों से आए हुए धर्मगुरु व संभ्रांत नागरिक उपस्थित रहे।