साइबर अपराध से बचाव के लिए सतर्कता जरूरी : सतीश महाना
विधायकों के लिए साइबर सुरक्षा ब्रीफिंग आयोजित, फिशिंग, ओटीपी फ्रॉड और फर्जी कॉल से बचाव के बताए उपाय
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष सतीश महाना ने बुधवार काे कहा कि डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा प्रत्येक व्यक्ति, संस्था और जनप्रतिनिधि के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। साइबर अपराधी लगातार नए तरीकों से लोगों को निशाना बना रहे हैं। ऐसे में जागरूकता और सतर्कता ही साइबर अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि विधायकों को स्वयं साइबर सुरक्षा के प्रति सजग रहने के साथ-साथ अपने क्षेत्र की जनता को भी इसके प्रति जागरूक करना चाहिए।
राजधानी के एक होटल में विधायकों के लिए “साइबर सुरक्षा : ए डिजिटल सिक्योरिटी ब्रीफिंग फॉर लेजिस्लेटर्स” कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में साइबर अपराध के बढ़ते खतरों और उनसे बचाव के व्यावहारिक उपायों की जानकारी दी गई। देश के जाने माने साइबर विशेषज्ञ अमित दुबे ने विधायकों को फिशिंग, फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक, ओटीपी धोखाधड़ी, पासवर्ड चोरी, सोशल मीडिया अकाउंट हैकिंग और डिजिटल पहचान के दुरुपयोग जैसे साइबर अपराधों के बारे में विस्तार से बताया।


उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, ओटीपी, पासवर्ड या बैंक संबंधी जानकारी किसी के साथ साझा न करें और संदिग्ध ऐप डाउनलोड करने से बचें। उन्होंने मजबूत पासवर्ड रखने, टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन सक्रिय करने तथा मोबाइल और कंप्यूटर को नियमित रूप से अपडेट रखने की सलाह दी।
अध्यक्ष सतीश महाना ने कहा कि उनके कार्यकाल के पहले वर्ष में ही अलग-अलग क्षेत्रों के विधायकों को बुलाकर उनसे संवाद किया गया। उन्होंने कहा कि साढ़े चार वर्ष के कार्यकाल में विधानसभा में अनेक जनहित के मुद्दे उठाए गए हैं और अब नए चुनाव की अधिसूचना के लिए लगभग चार महीने का समय शेष है। आवश्यकता है कि सदन में उठाए गए मुद्दों और किए गए कार्यों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाया जाए।

राज्यमंत्री रजनी तिवारी ने विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि विधानसभा में अनेक परिवर्तन हुए हैं, जिनके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। इन परिवर्तनों से बहुत कुछ नया सीखने को मिला है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा आज देश में एक मॉडल विधानसभा बन चुकी है। विधायकों के लिए साइबर सुरक्षा पर आयोजित यह कार्यक्रम भी एक महत्वपूर्ण नवाचार है।
इस दौरान विशंभर सिंह यादव, अनिल सिंह, शशांक त्रिवेदी और संदीप पटेल के अलावा अन्य विधायकों ने सहभागिता की। वहीं अमित दुबे से विधायकों का सवाल-जवाब भी हुआ और साइबर सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में विधानसभा के अध्यक्ष सतीश महाना के साथ राज्यमंत्री मयंकेश्वर सिंह, राकेश राठौर सहित बड़ी संख्या में विधायक उपस्थित रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
