करोड़ों की हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार, एएनटीएफ ने रास्ते में ही दबोचा
प्रयागराज। प्रयागराज में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) यूनिट ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले दो सक्रिय तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 550 ग्राम हेरोइन बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 1 करोड़ 10 लाख रुपये आंकी गई है।
यह कार्रवाई मन्सूरा बाईपास के पास नवाबगंज थाना क्षेत्र में की गई, जहां पुलिस टीम ने संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली। इस दौरान कार से भारी मात्रा में हेरोइन, दो मोबाइल फोन और 700 रुपये नगद बरामद हुए। बरामद वाहन निसान मैग्नाइट कार है, जिसका उपयोग तस्करी में किया जा रहा था।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनिश कुमार उर्फ आशीष सोनकर और सौरभ सोनकर के रूप में हुई है, जो प्रयागराज के मांडाखास क्षेत्र के निवासी हैं।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्हें यह हेरोइन उनके एक अन्य साथी ने उपलब्ध कराई थी और निर्देश दिया गया था कि वे इसे नवाबगंज क्षेत्र में एक तय स्थान पर पहुंचाएं, जहां एक अज्ञात व्यक्ति इसे लेने वाला था। आरोपी इस तरह मादक पदार्थों की सप्लाई कर आर्थिक लाभ कमाते थे।मामले में थाना नवाबगंज में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
