एसडीएम ने किया बाढ़ क्षेत्र का निरीक्षण, सुंदरनगर में प्रशासन अलर्ट मोड में
नाव, मेडिकल और पशु चिकित्सा टीम तैनात, राहत शिविर की व्यवस्था पूरी
मनोज शर्मा
रामनगर/बाराबंकी। बाढ़ के खतरे को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। उपजिलाधिकारी रामनगर आकांक्षा गुप्ता ने शुक्रवार को ग्राम सुंदरनगर मजरा बतनेरा क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि नाले के जरिए बाढ़ का पानी सुंदरनगर के उत्तरी रास्ते तक आ गया है, लेकिन आबादी क्षेत्र अभी सुरक्षित है। प्रभावितों की आवाजाही सुचारू रखने के लिए प्रशासन ने पहले से ही 23 जुलाई से दो नावों को प्रीपोजिशन मोड में तैनात कर दिया था। इनमें से एक नाव का संचालन लगातार किया जा रहा है।
स्वास्थ्य सेवाओं के लिए गांव में मेडिकल कैंप लगाया गया है। अब तक 8 मरीजों का उपचार किया जा चुका है। पशुओं की सुरक्षा के लिए पशु चिकित्सा टीम भी मौजूद है, जिसने 4 पशुओं का इलाज और 52 पशुओं का टीकाकरण किया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नदी तटबंध पर बसे गांवों की आबादी अभी प्रभावित नहीं हुई है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए बाढ़ राहत शरणालय और शिविर की पूरी व्यवस्था कर ली गई है।
आबादी क्षेत्र में पानी पहुंचने की स्थिति में तुरंत राहत कार्य शुरू कर दिए जाएंगे। क्षेत्रीय लेखपाल और राजस्व निरीक्षक बाढ़ प्रभावित इलाकों में लगातार निगरानी कर रहे हैं। तहसील रामनगर के अंतर्गत अभी तक किसी भी गांव में कटान की घटना सामने नहीं आई है। इस मौके पर तहसीलदार विपुल कुमार सिंह, नायब तहसीलदार सूरतगंज सैयद तहजीब हैदर, राजस्व निरीक्षक लालपुर करोता जयशंकर उपाध्याय, लेखपाल अंशुमान श्रीवास्तव मेडिकल टीम के डॉक्टर आदि उपस्थित रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
