संत कबीर नगर, पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना* के निर्देशन में जनपद में संचालित सड़क सुरक्षा एवं यातायात जागरूकता अभियान के अंतर्गत आज सरदार पटेल उच्च माध्यमिक विद्यालय, वैरमपुर (खलीलाबाद) में छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने हेतु विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रबंधक योगेंद्र चौहान, प्रधानाचार्या संगीता चौधरी सहित समस्त शिक्षकगण उपस्थित रहे। यातायात पुलिस की ओर से प्रभारी यातायात श्री परमहंस, मुख्य आरक्षी अयोध्या साहनी, मुख्य आरक्षी आनंद मोहन सिंह एवं आरक्षी सौरव उपाध्याय ने सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान प्रभारी यातायात परमहंस द्वारा छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी देते हुए हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने, नशे की अवस्था में वाहन न चलाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, यातायात संकेतों का सम्मान करने तथा सड़क पार करते समय आवश्यक सावधानियाँ बरतने के संबंध में जागरूक किया गया। साथ ही विद्यार्थियों को सड़क दुर्घटनाओं के कारणों एवं उनसे बचाव के उपायों के बारे में भी विस्तार से बताया गया।
यातायात पुलिस द्वारा छात्र-छात्राओं से अपील की गई कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें तथा अपने परिवार, अभिभावकों एवं आसपास के लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करें, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सके।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकगण ने यातायात पुलिस के जनजागरूकता अभियान की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाने की अपेक्षा व्यक्त की।
*संतकबीरनगर पुलिस की अपील:*
"यातायात नियमों का पालन करें, सुरक्षित रहें और दूसरों को भी सुरक्षित रखें। सड़क सुरक्षा, जीवन रक्षा।"