गोवंश के घायल होने पर डॉक्टर पर भीड़ का हमला, चार गिरफ्तार
कार घेरकर डॉक्टर को घसीटकर पीटने का आरोप
सात नामजद समेत कई अज्ञात के खिलाफ मुकदमा
बदायूं। म्याऊं क्षेत्र में गोवंश के घायल होने के बाद ग्रामीणों की भीड़ द्वारा मेडिकल ऑफिसर डॉ. राहुल सिद्धार्थ पर कथित जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। मामले में सात नामजद समेत कई अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर बुधवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार मंगलवार दोपहर करीब 2:30 बजे बिचपुरी गांव के पास एक कार की टक्कर से गोवंश घायल हो गया था। घटनास्थल पर मौजूद ग्रामीणों ने उसावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के मेडिकल ऑफिसर डॉ. राहुल सिद्धार्थ की कार को घेर लिया। आरोप है कि भीड़ ने पहले कार को पलटने का प्रयास किया और इसके बाद डॉक्टर को कार से बाहर घसीटकर सड़क पर गिरा दिया।
ग्रामीणों पर डॉक्टर के साथ लात-घूंसों से मारपीट करने और उनके कपड़े फाड़ने का भी आरोप है। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह डॉक्टर को भीड़ के कब्जे से छुड़ाया।
एसएसपी से बातचीत के बाद दी तहरीर
शुरुआत में डॉक्टर घटना की तहरीर देने के पक्ष में नहीं थे। इसके बाद एसएसपी अंकिता शर्मा ने उनसे बातचीत की। बुधवार को डॉ. राहुल सिद्धार्थ की ओर से अलापुर थाने में तहरीर दी गई।
तहरीर के आधार पर बिचपुरी निवासी शेखर, धर्मेंद्र उर्फ नेत्रपाल, धर्मेंद्र, धर्मपाल, निखिल, रामसेवक और केसर सिंह समेत कई अज्ञात लोगों के खिलाफ जानलेवा हमला, कार में तोड़फोड़ और कार पलटने का प्रयास समेत अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया।
चार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने बिचपुरी निवासी शेखर, धर्मेंद्र उर्फ नेत्रपाल पुत्र सोवरन, धर्मेंद्र पुत्र रामनिवास और धर्मपाल को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, पहले चारों के खिलाफ शांतिभंग के आरोप में कार्रवाई की गई थी। बाद में डॉक्टर की तहरीर के आधार पर उन्हें मुकदमे में नामजद किया गया।
https://twitter.com/KDanishAli/status/2087491397905752308?s=20
मारपीट के वीडियो हुए वायरल
घटना के बाद डॉक्टर के साथ मारपीट और उन्हें सड़क पर घसीटने के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए। वीडियो में भीड़ द्वारा डॉक्टर के साथ मारपीट किए जाने का दावा किया जा रहा है। घटना के दौरान मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों के सामने भी डॉक्टर के साथ मारपीट किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस अब वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
