दादी की जान बचाने वाली अंशिका से मिले विधायक रोमी साहनी
इलाज के लिए 10 हजार की आर्थिक मदद, साहसी पोती को 5 हजार देकर किया सम्मानित
ललित वर्मा / शहनूर अली
लखीमपुर खीरी 22 सितम्बर तरुणमित्र पलिया विधानसभा क्षेत्र के ग्राम विशेनपुरी कॉलोनी में शेर के हमले की घटना के दौरान अपनी दादी की जान बचाने वाली किशोरी अंशिका यादव की बहादुरी की क्षेत्र में चर्चा हो रही है। संकट की घड़ी में अंशिका ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए डंडे से शेर का सामना किया और अपनी दादी चम्पा देवी यादव को बचाने का प्रयास किया।
जानकारी के अनुसार, चम्पा देवी यादव पत्नी श्रीकृष्ण यादव पर अचानक शेर ने हमला कर दिया। हमले के दौरान उनकी पोती अंशिका यादव ने हिम्मत नहीं हारी और डंडे के सहारे शेर का मुकाबला किया। अंशिका के साहस और तत्परता से उसकी दादी की जान बच सकी। घटना के बाद घायल चम्पा देवी का उपचार कराया जा रहा है।
घटना की जानकारी मिलने पर पलिया विधायक रोमी साहनी पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने चम्पा देवी यादव का हालचाल लिया और परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। विधायक ने उनके उपचार के लिए 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की।
वहीं, दादी की जान बचाने वाली अंशिका यादव का विधायक ने उत्साहवर्धन करते हुए उसे 5 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी। उन्होंने अंशिका के साहस की सराहना करते हुए कहा कि विपरीत परिस्थितियों में बच्ची ने जिस हिम्मत और सूझबूझ का परिचय दिया, वह सराहनीय है। घटना के बाद ग्रामीणों में भी अंशिका की बहादुरी को लेकर चर्चा रही।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पिछले एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय विजय पाल खबरों की तेज़ समझ और ज़मीनी पकड़ के लिए जाने जाते हैं। रिपोर्टिंग और समाचार लेखन के क्षेत्र में उन्होंने निरंतर काम किया है। वर्तमान में वह ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं।
