जगद्गुरु शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद ने दिलाया गौ-रक्षा का संकल्प
गाविष्ठि गोरक्षार्थ धर्म यात्रा का हुआ स्वागत
बलरामपुर। जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने बुधवार को जनपद बलरामपुर के तुलसीपुर में आयोजित सत्संग कार्यक्रम में श्रद्धालुओं को गौ-रक्षा एवं गौ-सेवा का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि "गाय केवल एक पशु नहीं, बल्कि हमारी माता है। उसकी रक्षा करना प्रत्येक सनातनी का धर्म और कर्तव्य है।"
मंगलवार देर रात्रि श्रावस्ती से उनका काफिला तुलसीपुर पहुंचा, जहां रात्रि विश्राम के बाद बुधवार सुबह मिलन हाल सभागार तुलसीपुर में सत्संग का आयोजन हुआ। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उनके दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान शंकराचार्य ने गौ-हत्या पर चिंता व्यक्त करते हुए समाज से गौ-संरक्षण के लिए संगठित होने का आह्वान किया तथा उपस्थित लोगों को गौ-रक्षा का संकल्प दिलाया। कार्यक्रम में सांसद राम शिरोमणि वर्मा, विधायक राकेश यादव, मसूद खान, रजनीश गुप्ता, आकाश जायसवाल सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
तुलसीपुर के कार्यक्रम के उपरांत गाविष्ठि गोरक्षार्थ धर्म यात्रा गैसड़ी क्षेत्र के मझौली पहुंची, जहां आयोजित कार्यक्रम में सनातन समाज के लोगों को गौ-रक्षा के लिए प्रेरित किया गया। इसके बाद यात्रा गैसड़ी से उतरौला के लिए रवाना हुई। उतरौला में फक्कड़ दास मंदिर, भीमराव अंबेडकर चौराहे के निकट दोपहर में कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसके उपरांत बलरामपुर विधानसभा क्षेत्र के श्री दत्तगंज कांदभारी मंदिर परिसर में भी श्रद्धालुओं के साथ संवाद एवं सत्संग कार्यक्रम आयोजित होगा।
धर्म यात्रा का विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा और जयघोष के साथ भव्य स्वागत किया। यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, संत-महात्मा, जनप्रतिनिधि तथा समाजवादी पार्टी के नेता एवं कार्यकर्ता भी शामिल रहे।
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
