प्रेम विवाह का खौफनाक अंत! पत्नी पर पति को सांप से डसवाकर हत्या कराने का आरोप, बीमा के 20 लाख थे निशाने पर
मेरठ। हस्तिनापुर क्षेत्र में शिक्षक अतुल कुमार की मौत के मामले में जांच के दौरान सामने आए तथ्यों ने सभी को चौंका दिया है। पुलिस के अनुसार, सात साल पहले प्रेम विवाह करने वाले दंपती की कहानी एक कथित प्रेम प्रसंग के चलते हत्या की साजिश तक पहुंच गई।
मूल रूप से निरावली मोरना निवासी दामिनी का परिवार बाद में हस्तिनापुर में आकर बस गया था। दामिनी गणेशपुर स्थित स्वामी कल्याण देव स्कूल में शिक्षिका थीं, जहां अतुल कुमार भी शिक्षक थे। करीब आठ वर्ष पहले दोनों एक-दूसरे के करीब आए और परिवार की असहमति के बावजूद सात वर्ष पहले प्रेम विवाह कर लिया। बाद में दोनों ने हस्तिनापुर में किराए के भवन में एक प्ले स्कूल भी शुरू किया। उनके दो बच्चे हैं।पुलिस के अनुसार, इसी दौरान स्कूल की वैन के चालक तुषार पायला से दामिनी की नजदीकियां बढ़ीं। जांच में आरोप है कि इसके बाद अतुल की हत्या की साजिश रची गई।
पांच लाख रुपये में सपेरों को किया गया था हायर
पुलिस जांच के मुताबिक, दामिनी और उसके कथित प्रेमी तुषार पायला ने अतुल की हत्या के लिए पांच लाख रुपये में दो सपेरों को हायर किया था। इस साजिश में हस्तिनापुर निवासी सोनू और उदय कुमार की भूमिका भी सामने आई है। आरोप है कि एक जहरीले सांप को लाकर अतुल के कंबल में छोड़ दिया गया, जिसने उसे दो बार काटा।पुलिस के अनुसार, सांप के काटने से पहले अतुल को दूध में नशीली गोलियां मिलाकर पिलाई गई थीं, ताकि वह प्रतिरोध न कर सके। पूछताछ में यह भी सामने आया है कि अतुल के नाम लगभग 20 लाख रुपये का बीमा था। आरोप है कि बीमा की राशि मिलने के बाद पांच लाख रुपये सहयोगियों को देने और शेष रकम से दामिनी और तुषार द्वारा वाहन खरीदने की योजना बनाई गई थी।
https://twitter.com/Mukesh_Journo/status/2078474677882884258?s=20
20 दिन पहले भी हत्या का प्रयास
जांच में यह भी सामने आया है कि अतुल की हत्या का प्रयास करीब 20 दिन पहले भी किया गया था। आरोप है कि बाइक पर सवार अतुल को पीछे से एक कार ने टक्कर मार दी थी। हेलमेट पहने होने के कारण वह बच गया था। उस समय दामिनी ने उन्हें पुलिस में शिकायत करने से यह कहकर मना कर दिया था कि वाहन का नंबर नहीं पता होने से कोई फायदा नहीं होगा।पुलिस अब इस पूरे मामले में सभी आरोपितों से पूछताछ कर रही है और कथित हत्या की साजिश के हर पहलू की जांच की जा रही है।
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
