दर्शन के लिए खाटूश्याम जा रहे इंजीनियर सहित परिवार के पांच लोगों की मौत
बैंक मैनेजर पत्नी, बच्ची और मां-पिता की भी मौत
लखनऊ। बालागंज इलाके में रहने वाला इंजीनियर अपने पूरे परिवार के साथ खाटूश्याम दर्शन के लिए जा रहा था। उनके साथ कार में परिवार के पांच अन्य लोग भी सवार थे। जयपुर पहुंचने पर हुए सड़क हादसे में सभी की मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक़ रविवार सुबह हाईवे पर तेज रफ्तार कार सामने से आ रहे ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रेलर सड़क से नीचे जाकर पलट गया। टक्कर से कार के परखच्चे उड़ गए। कार से शवों को बाहर निकालने के लिए पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। जयपुर के रायसर थाने के थाना प्रभारी रघुवीर सिंह के मुताबिक़ हादसा सुबह 8 बजे जमवारामगढ़ में मनोहरपुर-दौसा हाईवे पर हुआ।
हादसे में मरने वालों की पहचान लखनऊ के बालागंज इलाके के रहने वाले सॉफ्टवेयर इंजीनियर अभिषेक सिंह (35), उनकी पत्नी प्रियांशी (30), पिता सत्य प्रकाश (60), मां रामा देवी (55) और 6 महीने की बेटी के रूप में हुई है। प्रियांशी बैंक ऑफ बड़ौदा की गोमतीनगर ब्रांच में मैनेजर थीं। सत्य प्रकाश मल्टीनेशनल कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर थे। बच्ची का नामकरण नहीं हुआ था, हालांकि घर के लोग उसे श्री कहकर बुलाते थे।
हाल में ही बच्ची का मंथली बर्थडे मनाया गया था। चचेरे भाई आदित्य प्रकाश सिंह ने बताया- सभी लोग वर्ना कार यूपी 32 इएस 8766 से शनिवार शाम 5 बजे मैनपुरी के लिए निकले थे। वहां चाचा की बेटी की शादी हुई है। बहन के बेटे का जन्मदिन था। सभी लोग रातभर रुके थे और बर्थडे सेलिब्रेट किया। आज सुबह खाटू श्याम के लिए निकले थे। खाटू श्याम से 100 किमी पहले नेकावाला टोल के पास कार सामने से आ रहे ट्रेलर से टकरा गई। सुबह वहां से फोन आया, तब जाकर हमें हादसे की जानकारी मिली। हादसे में कार का आगे का हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। सभी लोग कार में फंसे रह गए।
हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया। थाना प्रभारी रघुवीर सिंह ने बताया कि पोस्टमॉर्टम के लिए शवों को जयपुर के चंदवाजी स्थित निम्स हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। पुलिस को आशंका है कि ओवरटेक के चक्कर में यह हादसा हुआ। अभिषेक और प्रियांशी की शादी 29 नवंबर 2022 को हुई थी। हादसे के वक्त अभिषेक सिंह गाड़ी चला रहे थे। अभिषेक का बड़ा भाई हिमांशु प्राइवेट नौकरी करते हैं। उनकी पत्नी का नाम ज्योति और बेटे का नाम जियांशु है।
टिप्पणियां