केजीएमयू एवं संबद्ध स्वास्थ्य केंद्रों पर व्यापक वृक्षारोपण

लखनऊ। “ 35 करोड़ वृक्षारोपण महाअभियान के तहत “ एक पेड़ माँ के नाम ” अभियान के अंतर्गत किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय ,केजीएमयू में व्यापक वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम कुलपति प्रो. डॉ. सोनिया नित्यानंद के मार्गदर्शन में हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि चिकित्सा शिक्षा महानिदेशक डॉ.अनिल कुमार रहे। इस अवसर पर केजीएमयू की कुलसचिव अर्चना गहरवार, उद्यान प्रभारी डॉ. परवेज, सह-संकाय प्रभारी उद्यान डॉ. प्रमिला वर्मा, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. बी.के. ओझा, मुख्य प्रॉक्टर प्रो. डॉ. आर.ए.एस. कुशवाहा, आर.एच. छात्रावास की प्रोवोस्ट डॉ. स्मृति अग्रवाल, डॉ. रंजना सिंह, डॉ. ईशा जाफा, डॉ. निशी सिंह, डॉ. शैलजा सिंह, डॉ. अमित आर्य तथा डॉ. राकेश दीवान सहित विश्वविद्यालय के संकाय सदस्यों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
वृक्षारोपण कार्यक्रम केवल केजीएमयू मुख्य परिसर तक सीमित नहीं रहा। केजीएमयू सैटेलाइट सेंटर बंथरा, रूरल हेल्थ ट्रेनिंग सेंटर सरोजनी नगर, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सरोजनी नगर तथा आलमबाग स्थित स्वास्थ्य केंद्र में भी वृक्षारोपण किया गया। इन सभी स्थलों पर स्थानीय जलवायु के अनुकूल विभिन्न प्रजातियों के छायादार, फलदार, औषधीय एवं पर्यावरण-अनुकूल पौधे लगाए गए।
कुलपति प्रो. डॉ. सोनिया नित्यानंद ने अपने संदेश में कहा कि पर्यावरण संरक्षण स्वस्थ समाज की आधारशिला है। उन्होंने वृक्षारोपण को केवल एक दिवस का आयोजन न मानकर प्रत्येक लगाए गए पौधे के संरक्षण, सिंचाई और नियमित देखभाल को संस्थागत जिम्मेदारी के रूप में अपनाने पर बल दिया। उनके मार्गदर्शन में विश्वविद्यालय में हरित परिसर, जैव विविधता संरक्षण और पर्यावरण जागरूकता से जुड़ी गतिविधियों को निरंतर प्रोत्साहित किया जा रहा है।
मुख्य अतिथि डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि वृक्षारोपण पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ सार्वजनिक स्वास्थ्य से भी सीधे जुड़ा हुआ है। स्वच्छ वायु, तापमान नियंत्रण, जैव विविधता और स्वस्थ जीवन के लिए वृक्षों का संरक्षण अत्यंत आवश्यक है।
कुलसचिव अर्चना गहरवार ने कहा कि विश्वविद्यालय एवं उसके संबद्ध स्वास्थ्य केंद्रों को हरित और पर्यावरण-अनुकूल बनाने के लिए इस प्रकार के अभियान निरंतर आयोजित किए जाएंगे।
डॉ. प्रमिला वर्मा, सह-संकाय प्रभारी उद्यान, ने बताया कि वृक्षारोपण के साथ-साथ पौधों की उत्तरजीविता, सिंचाई, संरक्षण और नियमित निगरानी पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पौधा लगाना अभियान की शुरुआत है,जबकि उसे वृक्ष बनाना वास्तविक उपलब्धि है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
शुभम कश्यप को पत्रकारिता और मीडिया क्षेत्र में 10 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं। उनकी विशेषज्ञता चिकित्सा एवं स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़ी खबरों और अस्पताल आधारित रिपोर्टिंग में है, जहाँ वह विषयों को तथ्यपरक, सटीक और जिम्मेदार ढंग से प्रस्तुत करते हैं।
