यूपी पुलिस मुख्यालय में दो आईपीएस अधिकारियों का विदाई समारोह, डीजीपी ने किया सम्मानित
लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस मुख्यालय में मंगलवार को अधिवर्षता आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त होने वाले दो आईपीएस अधिकारियों के लिए विदाई समारोह का आयोजन किया गया। पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कृष्ण ने पुलिस महानिरीक्षक/अपर निदेशक, यूपी स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ फॉरेंसिक साइंस लखनऊ राजीव मल्होत्रा और पुलिस अधीक्षक, अपराध अनुसंधान विभाग लखनऊ गिरिजेश कुमार को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने दोनों सेवानिवृत्त अधिकारियों के सेवाकाल को याद करते हुए उनके योगदान की सराहना की और उनके उज्ज्वल, स्वस्थ एवं सुखद भविष्य की कामना की।
ये खबर भी पढ़े : 8 करोड़ की निवेश ठगी का मास्टरमाइंड पुणे से गिरफ्तार, फर्जी कंपनियां बनाकर लोगों को लगाया करोड़ों का चूनाविदाई समारोह में राजीव मल्होत्रा ने अपने संबोधन में कहा कि पुलिस सेवा उनके जीवन की सबसे बड़ी पहचान रही है और वर्दी भले ही शरीर से उतर जाए, लेकिन उसका अनुभव हमेशा साथ रहेगा। उन्होंने यूपी पुलिस परिवार और डीजीपी के मार्गदर्शन के प्रति आभार व्यक्त किया।
वहीं गिरिजेश कुमार ने कहा कि पुलिस विभाग उनके लिए परिवार जैसा रहा है और यहां मिला स्नेह व सहयोग उनके जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है।
डीजीपी राजीव कृष्ण ने दोनों अधिकारियों की लंबी और सराहनीय सेवा की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके अनुभव पुलिस संगठन के लिए प्रेरणास्रोत बने रहेंगे।
राजीव मल्होत्रा का जन्म 21 जून 1966 को दिल्ली में हुआ था और उन्होंने 1992 में प्रांतीय पुलिस सेवा से करियर शुरू किया था। बाद में 2015 में आईपीएस में प्रोन्नति पाई। अपने 33 वर्षों से अधिक के सेवाकाल में उन्होंने कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया और कई सम्मान प्राप्त किए।
गिरिजेश कुमार का जन्म 1 जुलाई 1966 को बस्ती में हुआ था। उन्होंने 1997 में प्रांतीय पुलिस सेवा जॉइन की और 2022 में आईपीएस में प्रोन्नत हुए। उनका 28 वर्षों से अधिक का सेवाकाल सराहनीय रहा।
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
