दिल्ली प्रदर्शन छात्रों का नहीं, अराजक तत्वों और विपक्षियों की साजिश : गुलाब देवी
संभल। उत्तर प्रदेश के जनपद संभल में प्रदेश सरकार की माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री गुलाब देवी ने दिल्ली के जंतर मंतर पर हुए छात्रों के प्रदर्शन को लेकर बुधवार को बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली प्रदर्शन छात्रों का नहीं था। बल्कि इसमें अराजक तत्व और विपक्षी दल शामिल थे, जिन्होंने देश में शांति भंग करने का प्रयास किया।
संभल की चंदौसी विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक एवं माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री गुलाब देवी ने पत्रकारों से बात करते हुए दावा किया कि उक्त प्रदर्शन में कुछ ऐसे अराजक तत्व शामिल हो गए थे, जो वास्तव में छात्र नहीं थे। ऐसे तत्वों ने ही छात्रों की आड़ में देश में शांति भंग करने का प्रयास किया।
मंत्री गुलाब देवी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छात्रों के हित को ध्यान में रखते हुए उनकी सभी मांगों को स्वीकार किया है। उन्होंने जोर दिया कि छात्र देश का भविष्य हैं और उनकी भलाई के लिए उठाए गए इन कदमों से सभी छात्र प्रसन्न हैं।
उन्होंने बताया कि तीन दिन पहले वह संभल कोतवाली कस्बा क्षेत्र के चौधरी सराय स्थित महात्मा गांधी मेमोरियल डिग्री कॉलेज में एक कार्यक्रम में पहुंची थीं। वहां उन्होंने प्राचार्यों और शिक्षकों से अनुरोध किया कि यदि अराजक तत्व विद्यालयों में आकर अराजकता फैलाते हैं, तो इसकी सूचना तुरंत दी जाए।
माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री ने चेतावनी दी कि उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ की सरकार है। ऐसी सूचना मिलने पर छात्रों को भड़काने वाले अराजक तत्वों और विपक्षियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
