डुंडवा गांव में भीषण आग से मचा हड़कंप, 40 हजार नकद समेत पूरा घर जलकर राख
विश्वजीत मिश्रा
पड़रियातुला-खीरी । जिले के बिजुआ विकास खंड के अंतर्गत डुंडवा गांव में बीती रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक एक कच्चे मकान में अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते घर में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। आग केशवराम पुत्र सुकई के घर में लगी। घटना के समय परिवार के लोग घर के अंदर ही मौजूद थे, लेकिन समय रहते बाहर निकल जाने से बड़ा हादसा टल गया। हालांकि आग की लपटें इतनी तेज थीं कि घर में रखा करीब 40 हजार रुपये नकद, एक बोरी मसूर, कपड़े, बिस्तर और अन्य जरूरी घरेलू सामान पूरी तरह जल गया।
आग लगने की खबर मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़े और बाल्टी, हैंडपंप व अन्य साधनों से आग बुझाने का प्रयास किया। ग्रामीणों की कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक पीड़ित परिवार को भारी नुकसान हो चुका था।
घटना की सूचना प्रशासन को दी गई, जिसके बाद क्षेत्रीय लेखपाल अजय गुप्ता शुक्रवार सुबह मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन किया और संबंधित अधिकारियों को रिपोर्ट प्रेषित की।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पिछले एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय विजय पाल खबरों की तेज़ समझ और ज़मीनी पकड़ के लिए जाने जाते हैं। रिपोर्टिंग और समाचार लेखन के क्षेत्र में उन्होंने निरंतर काम किया है। वर्तमान में वह ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं।
