अधिकारियों के आश्वासन के बाद लगभग चार घंटे के भीतर ही संगठन की प्रमुख मांगों पर सहमति बनने पर धरना समाप्त
फिरोजाबाद। भारतीय किसान क्रांति यूनियन के जिला अध्यक्ष राहुल यादव के नेतृत्व में आज फिरोजाबाद डिवीजन कार्यालय पर किसानों की विद्युत समस्याओं को लेकर धरना-प्रदर्शन किया गया।
धरने प्रदर्शन के दौरान गुदाऊ क्षेत्र में करंट लगने से मृत भैंस के मुआवजे, एवं पूर्व में बिजली विभाग की लापरवाही से मृत हुई दो भैंसों के लंबित मुआवजे तथा यूपीएसआईडीए के जेई के स्थानांतरण और जसराना क्षेत्र में तैनात जेई के स्थानांतरण की मांग प्रमुखता से उठाई गई। मांगें पूरी न होने पर अनिश्चितकालीन धरना जारी रखने की चेतावनी दी गई थी।
मौके पर एसई एवं एक्सईएन ग्रामीण मौजूद रहे। दोनों अधिकारियों ने संगठन की मांगों को गंभीरता से लेते हुए लिखित आश्वासन दिया कि सभी मांगों का समाधान एक सप्ताह के भीतर करा दिया जाएगा। खराब ट्रांसफार्मरों को तत्काल बदलवाने की कार्रवाई शुरू कराई गई, तथा भैंसों के मुआवजे के लिए आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करवाकर भुगतान कराने का आश्वासन दिया गया।
अधिकारियों के आश्वासन के बाद लगभग चार घंटे के भीतर ही संगठन की प्रमुख मांगों पर सहमति बन गई, जिसके चलते अनिश्चितकालीन धरना आगे बढ़ाने की आवश्यकता नहीं पड़ी।
इसके साथ ही हवेली, फतेहपुर, प्रसादपुर, शिकोहाबाद एवं बालाजी मंदिर क्षेत्र की विद्युत समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया गया। इनमें खराब ट्रांसफार्मरों को बदलने, ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने, जर्जर विद्युत तारों को बदलने तथा बालाजी मंदिर के पीछे पार्किंग स्थल से गुजर रही 440 केवी लाइन को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करने की मांग शामिल रही।
धरने के दौरान थाना दक्षिण के थाना प्रभारी योगेंद्र कुमार सहित संगठन के सैकड़ों पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। बड़ी संख्या में ट्रैक्टर और चारपहिया वाहनों के साथ किसान धरना स्थल पर पहुंचे।
भारतीय किसान क्रांति यूनियन सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं किसान भाइयों का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आप सभी के एकजुट प्रयास से धरना सफल रहा।
धरना-प्रदर्शन में बूथ प्रांत अध्यक्ष योगेश यादव ,युवा प्रदेश प्रभारी प्रदीप परमार , दर्शन यादव वरिष्ठ उपाध्यक्ष, पम्पी किन्नर जिलाध्यक्ष किन्नर समाज, यतेंद्र यादव , गोलू यादव , तहसील अध्यक्ष शिकोहाबाद आकाश कुमार, जिला सचिव इंद्रजीत कुशवाह सहित भारतीय किसान क्रांति यूनियन के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं किसान मौजूद रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
रविंद्र वर्मा वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ के फिरोज़ाबाद ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। क्षेत्रीय मुद्दों पर ज़मीनी पकड़ के साथ वह समाचार कवरेज और रिपोर्टिंग का कार्य कर रहे हैं।
