दिव्यांग रोजगार अभियान 3 से
लखनऊ । दिव्यांगजनों को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए दिव्यांग रोजगार अभियान 3 का आयोजन 3 से 10 अगस्त तक किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य कौशल प्रशिक्षण प्राप्त दिव्यांगजनों सहित अन्य इच्छुक दिव्यांग युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। इस दौरान राजकीय आईटीआई में विशेष रोजगार गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।
जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी और जिला रोजगार सहायता अधिकारी रोजगार संगम पोर्टल पर पंजीकृत अभ्यर्थियों को रिक्तियों से जोड़ेंगे। पिछले दो चरणों में लाभान्वित दिव्यांगजनों का भौतिक सत्यापन भी किया जाएगा, ताकि उनकी वर्तमान स्थिति का आकलन हो सके।
प्रत्येक जनपद में मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समिति बनाई गई है, जो अभियान की निगरानी और समन्वय करेगी। 10 अगस्त तक सभी जनपदों से लाभान्वितों का विवरण शासन को भेजा जाएगा और सर्वाधिक रोजगार-स्वरोजगार उपलब्ध कराने वाले शीर्ष पांच जिलाधिकारियों और उनकी टीम को सम्मानित किया जाएगा। इसकी तैयारियों को लेकर गुरवार को मिशन निदेशक पुलकित खरे ने सभी सीडीओ और संबंधित अधिकारियों के साथ आॅनलाइन बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
राजेश कुमार सिंह को पत्रकारिता एवं मीडिया क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने लखनऊ विश्वविद्यालय से बीएससी, एलएलबी और मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। वर्तमान में वह हिंदी दैनिक ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं। राजनीतिक, प्रशासनिक और शासन से जुड़े विषयों पर उनकी गहरी समझ है।
