मोदी चार जुलाई को राष्ट्र को समर्पित करेंगे पहली ग्रीनफील्ड रिफाइनरी परियोजना
जयपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बालोतरा के पचपदरा से चार जुलाई को भारत की प्रथम ग्रीनफील्ड एकीकृत रिफाइनरी-सह-पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स राष्ट्र को समर्पित करेंगे। दुनिया की सबसे उन्नत रिफाइनरी में से एक यह परियोजना देश के लिए पेट्रोकेमिकल क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
इससे पहले प्रधानमंत्री जोधपुर में नए सिविल एयरपोर्ट टर्मिनल का लोकार्पण करेंगे और इसके बाद बालोतरा जिले के पचपदरा पहुंचकर बहुप्रतीक्षित रिफाइनरी का उद्घाटन करेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री जयपुर मेट्रो फेज-2 सहित प्रदेशभर की विभिन्न विकास परियोजनाओं के वर्चुअल लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रमों में भाग लेंगे। साथ ही विभिन्न सरकारी सेवाओं में चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र भी वितरित करेंगे।
हिन्दुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पाेरेशन लिमिटेड तथा राजस्थान सरकार के संयुक्त उद्यम के रूप में विकसित 9 एमएमटीपीए क्षमता वाली ग्रीनफील्ड रिफाइनरी-सह-पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स 79 हजार 459 करोड़ के निवेश से स्थापित की गई है। इस परियोजना ने 2.4 एमएमटीपीए पेट्रोकेमिकल क्षमता के साथ रिफाइनिंग और पेट्रोकेमिकल उत्पादन को एकीकृत किया है। इस रिफाइनरी में क्रूड ऑयल से विभिन्न पेट्रोलियम उत्पादों का उत्पादन भी प्रारंभ हो चुका है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
