पर्यावरण के नाम संदेश से पंचमढ़ी में शुरु हुआ तीन दिवसीय भाजपा प्रशिक्षण वर्ग
भोपाल। मध्य प्रदेश भाजपा के सभी 201 सांसदों और विधायकों का शनिवार से पचमढ़ी में तीन दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग शुरू हो गया। इसका शुभारंभ अनौपचारिक रूप से पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए किया गया। यहां भाजपा प्रशिक्षण वर्ग के पहले दिन छावनी परिषद स्थित "अटल वाटिका" में क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल एवं प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह के साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, भाजपा महिला मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष माया नारोलिया, केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर, लोकसभा सांसद सुधीर गुप्ता, राज्यसभा सांसद कविता पाटीदार, राज्यसभा सांसद सुमित्रा बाल्मीकि, लोकसभा सांसद भारती पारधी समेत अन्य पदाधिकारियों ने एक पेड़ मां के नाम के साथ पौधारोपण किया।
इसके साथ ही सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों ने अपने अलग से स्वयं के पौधे लगाए।शनिवार को इस वर्ग का विधिवत शुभारंभ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे। वहीं, समापन राजनाथ सिंह करेंगे। इसमें (पार्टी) सत्ता-संगठन से जुड़े विषयों पर करीब 24 सत्र होंगे।
सत्र के दौरान सीएम डॉ. मोहन यादव, कैबिनेट के सभी मंत्री, सांसद एवं विधायक तीन दिन तक कैंप में ही रहेंगे। सांसद-विधायकों को सुशासन से लेकर अनुशासन तक का पाठ पढ़ाया जाएगा। जनता के बीच व्यवहार, सोशल मीडिया का इस्तेमाल, योजनाओं को जनता के बीच पहुंचाना आदि विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा।
टिप्पणियां