भारत में अवैध रूप से रह रही तीन बांग्लादेशी महिलाएं गिरफ्तार
पाटण। पाटण एसओजी शाखा ने भारत में अवैध रूप से प्रवेश कर यहां रह रही तीन बांग्लादेशी महिलाओं को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक वी.के. नाई के मार्गदर्शन में पुलिस निरीक्षक जे.जी. सोलंकी की टीम द्वारा की गई। तीनों महिलाएं बिना वीजा या पासपोर्ट के भारत में रह रही थीं और मजदूरी के उद्देश्य से पाटण आई थीं। गिरफ्तार महिलाओं में तस्कुरा खातून (31), पोली बेगम (40) और सामसुन्नाहार (35) शामिल हैं। तस्कुरा खातून ने जनवरी 2024 में सुनाबेरी बॉर्डर के माध्यम से भारत में प्रवेश किया था। पोली बेगम पांच साल पहले बेनाफुल बॉर्डर से भारत आई थी और पहले वटवा (अहमदाबाद) में रह रही थी और वर्तमान में सूरत में रहती थी। सामसुन्नाहार 10 मार्च 2024 को बेनाफुल बॉर्डर से भारत में दाखिल हुई थी और गोटा क्षेत्र में निवास कर रही थी। इन सभी महिलाओं ने हावड़ा से अहमदाबाद पहुंचने के बाद रोजगार की तलाश में पाटण का रुख किया था। वर्तमान में पुलिस ने इनके खिलाफ फॉरेनर्स एक्ट, 1946 के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। यह कदम राज्य सरकार द्वारा अवैध विदेशी नागरिकों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उठाया गया है।
टिप्पणियां