ग्रामीणों ने खदान और स्टोन क्रशर उद्योग शुरू कराने को लेकर किया प्रदर्शन
उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन
पूर्वी सिंहभूम । पूर्वी सिंहभूम जिले के पटमदा प्रखंड अंतर्गत कांकु गांव के ग्रामीणों का एक प्रतिनिधिमंडल शनिवार को उपायुक्त कार्यालय पहुंचा और प्रस्तावित खनन (माइंस) एवं स्टोन क्रशर उद्योग को शुरू कराने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान ग्रामीणों ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपते हुए उद्योग क्षेत्र को सुरक्षा उपलब्ध कराने, पहुंच मार्ग का निर्माण कराने तथा स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार सुनिश्चित करने की मांग की।
ग्रामीणों ने अपने आवेदन में कहा कि कांकु और आसपास का इलाका आर्थिक रूप से पिछड़ा हुआ है, जहां रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं होने के कारण बड़ी संख्या में युवक-युवतियां और मजदूर गुजरात, महाराष्ट्र, दिल्ली, पश्चिम बंगाल तथा तमिलनाडु जैसे राज्यों में पलायन करने को मजबूर हैं। उनका कहना है कि क्षेत्र में खनन और स्टोन क्रशर उद्योग स्थापित होने से स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और पलायन पर रोक लगेगी।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव के 33 रैयत परिवारों ने स्वेच्छा से अपनी भूमि उद्योग स्थापना के लिए उपलब्ध कराई है। उनका मानना है कि उद्योग शुरू होने से न केवल युवाओं को रोजगार मिलेगा, बल्कि सड़क, बिजली, परिवहन और अन्य बुनियादी सुविधाओं का भी विकास होगा। ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया है कि कुछ असामाजिक और स्वार्थी तत्व निजी हितों के कारण उद्योग संचालन में बाधा पहुंचाने, रास्ता अवरुद्ध करने और भय का माहौल बनाने का प्रयास कर रहे हैं।
ग्रामीण प्रतिनिधि हरिश्चंद्र महतो और अरविंद महतो ने कहा कि गांव के अधिकांश लोग उद्योग स्थापना के पक्ष में हैं और प्रशासन को विकास कार्यों में बाधा पहुंचाने वाले तत्वों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। ग्रामीणों ने उपायुक्त से उद्योग क्षेत्र तक पहुंचने वाले मार्ग के निर्माण, सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा स्थानीय लोगों को रोजगार में प्राथमिकता दिलाने की मांग की।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
सुधा जायसवाल ने मास कम्युनिकेशन एवं पत्रकारिता (MJMC) में स्नातकोत्तर डिग्री प्राप्त की है और पत्रकारिता क्षेत्र में 12 वर्षों से सक्रिय हैं। वह अमर उजाला, स्वतंत्र भारत, जनसंदेश टाइम्स और तरुण मित्र जैसे संस्थानों में कार्य कर चुकी हैं। राजनीतिक, शिक्षा और नगर निगम सहित विभिन्न बीट्स पर रिपोर्टिंग का अनुभव रखने वाली सुधा वर्तमान में तरुण मित्र के डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़ी हुई हैं।
