लोजपा (आर) की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में आठ प्रस्ताव पारित

लोजपा (आर) की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में आठ प्रस्ताव पारित

पटना। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में गुरुवार काे कुल आठ प्रस्ताव पारित किये गये। बैठक की अध्यक्षता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी और सांसद अरुण भारती ने की। प्रस्तावों में बहुजन समाज के अधिकारों, जनकल्याण योजनाओं से वंचना और आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति को लेकर खास ताैर पर चर्चा की गई। बैठक में पार्टी अध्यक्ष चिराग पासवान काे लेकर बड़ा फैसला लिया गया।

पार्टी को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का प्रस्ताव

चिराग पासवान के नेतृत्व में पार्टी को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के प्रस्ताव काे सर्वसम्मति से पारित किया गया। इसके लिए संगठनात्मक स्तर पर व्यापक अभियान चलाया जाएगा। इस दिशा में सांसद अरुण भारती को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्टी ने बहुजन समाज के खिलाफ बढ़ते अपराधों पर गहरी चिंता जताई। कार्यकारिणी ने बहुजन छात्रों की छात्रवृत्तियों में कटौती, देरी और भेदभाव पर आपत्ति दर्ज की और इसे दूर करने के लिए संघर्ष का संकल्प लिया।

विधानसभा चुनाव में 243 सीटों पर चुनाव की तैयारी

महादलित समुदाय के अधिकारों की रक्षा और उनके सम्मान को सुनिश्चित करने के लिए पार्टी ने खुद को संघर्ष के लिए प्रतिबद्ध बताया। इसके साथ ही आगामी बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर पार्टी ने राज्य की सभी 243 सीटों पर मजबूत और निर्णायक उपस्थिति दर्ज कराने का संकल्प लिया।

बहुजन भीम संकल्प समागम का होगा आयोजन

बैठक में शाहाबाद में आयोजित "नव संकल्प महासभा" की सफलता पर धन्यवाद प्रस्ताव पारित किया गया। साथ ही "बहुजन भीम संकल्प समागम" के आयोजन का भी प्रस्ताव पारित किया गया। जिसे जल्द ही क्रियान्वित किया जाएगा। बैठक के दौरान प्रदेश भर से आए पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत करने की रणनीतियों पर भी विचार-विमर्श किया।

About The Author

अपनी टिप्पणियां पोस्ट करें

टिप्पणियां