इंडिया बायो एनर्जी टेक एक्सपो में शिरकत करेंगे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री
सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा बैठक
नोएडा। उत्तर प्रदेश के जनपद गौतम बुद्ध नगर के ग्रेटर नोएडा में स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में 11 से 13 अगस्त के बीच इंडिया बायो एनर्जी एंड टेक एक्सपो-2026 का आयोजन होगा।
जिसमें 12 अगस्त को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आएंगे। इसकी तैयारी को लेकर गुरुवार को जिले के अफसरों ने एक्सपो मार्ट में समीक्षा बैठक की। बैठक मे अफसरों ने सभी विभागों को समय के साथ सभी तैयारी पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी मेधा रूपम ने बताया कि बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, विद्युत, पेयजल, स्वच्छता, चिकित्सा, अग्निशमन, कानून-व्यवस्था, वीआईपी मूवमेंट, अतिथि सत्कार सहित अन्य तैयारियों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में देश-विदेश से प्रतिनिधि, उद्योग जगत के विशेषज्ञ, निवेशक, नीति-निर्माता और अन्य लोग शामिल होंगे। ऐसे में सभी व्यवस्थाएं उच्च गुणवत्ता की और सुव्यवस्थित होनी चाहिए।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री का कार्यक्रम सुबह 10 से 12 बजे के बीच होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि पहले दिन प्रदर्शनी का शुभारंभ और बायोएनर्जी क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विषयों पर तकनीकी व नीतिगत सत्र का आयोजन होगा।
दूसरे दिन सीईओ राउंडटेबल, राज्य सरकारों के विशेष सत्र, निवेश एवं उद्योग सहयोग, ग्रीन हाइड्रोजन, कंप्रेस्ड बायोगैस (सीबीजी), एथेनॉल, बायोडीजल, सस्टेनेबल एविएशन फ्यूल (एसएएफ), वेस्ट-टू-एनर्जी, बायोमास, कार्बन मार्केट, वित्तपोषण और नवीन तकनीकों से संबंधित विषयों पर विचार-विमर्श होगा।
अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी में अत्याधुनिक तकनीकों एवं नवाचारों का प्रदर्शन भी जारी रहेगा। समापन में विभिन्न तकनीकी सत्रों के साथ भविष्य की कार्ययोजना, निवेश साझेदारी, उद्योग सरकार समन्वय आदि पर चर्चा होंगी।
इसका आयोजन इंडियन फेडरेशन ऑफ ग्रीन एनर्जी (आईएफजीई), एमएम एक्टिव साई-टेक कम्युनिकेशंस उत्तर प्रदेश नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विकास अभिकरण के साथ मिलकर कर रहे हैं।
अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन व प्रदर्शनी का विषय लो कार्बन वर्ल्ड के लिए बायोएनर्जी समाधानों को आगे बढ़ाना है। इसमें 25 से अधिक सम्मेलन सत्र होंगे।
जिनमें 120 से अधिक राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय वक्ता, 150 से अधिक प्रदर्शक, 1,000 से अधिक प्रतिनिधि और 15,000 से अधिक व्यावसायिक आगंतुकों के शामिल होने की संभावना है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
