कराची में 14 अगस्त के जश्न के दौरान हवाई फायरिंग, महिला की मौत, 94 लोग घायल
स्वतंत्रता दिवस समारोह और आतिशबाजी के बीच कई इलाकों में चली गोलियां, घायलों में 17 बच्चे और 10 महिलाएं शामिल
इस्लामाबाद। पाकिस्तान में 14 अगस्त को मनाए जाने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह के जश्न और आतिशबाजी के दौरान सिंध प्रांत की राजधानी कराची में हवा में हथियार (बंदूक और तमंचे) लहराए गए। गोलीबारी की गई। जगह-जगह हुई ऐसी घटनाओं में एक महिला की मौत हो गई और कम से कम 94 लोग घायल हो गए। एधी फाउंडेशन के प्रवक्ता ने इसकी पुष्टि की। उन्होंने शुक्रवार सुबह बताया कि घायलों में 10 महिलाएं और 17 बच्चे भी शामिल हैं। घायलों को इलाज के लिए जिन्ना पोस्ट ग्रेजुएट मेडिकल सेंटर सिविल अस्पताल और अब्बासी शहीद अस्पताल ले जाया गया।
द न्यूज, दुनिया न्यूज और जियो न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, आज सुबह अस्पतालों ने रात भर लाए गए घायलों का ब्योरा दिया। अब्बासी शहीद अस्पताल में 24 मरीज आए, जिनमें एक महिला, चार बच्चे और 19 पुरुष शामिल हैं। जिन्ना अस्पताल में 35 लोग लाए गए, जिनमें तीन बच्चे, चार महिलाएं और 28 पुरुष हैं। सिविल अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में 26 मरीजों का इलाज किया गया। इनमें 10 बच्चे, चार महिलाएं और 12 पुरुष शामिल हैं।
अधिकारियों के अनुसार, लियारी, सदर, कोरंगी, मालिर, अजीजाबाद, नॉर्थ नाजिमाबाद, नाजिमाबाद, गुलबहार, गुलशन-ए-इकबाल, ओरंगी टाउन, जमशेद क्वार्टर्स और डिफेंस कालोनी में देश के स्वतंत्रता दिवस (14 अगस्त) के समारोह के दौरान लोगों ने हवाई फायरिंग की। पुलिस ने कहा कि कराची के पूर्वी, पश्चिमी और मध्य जिलों से इस संबंध में 30 संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। इन सभी को ख्वाजा अजमेर नगरी, समनाबाद, रिजविया सोसाइटी और सर सैयद पुलिस थाना क्षेत्र गिरफ्तार किया गया। इनमें से कई के पास से हथियार भी बरामद किए गए।
पुलिस ने बताया कि गोली लगने से घायल महिला की मौत अब्बासी शहीद अस्पताल में हो गई। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। वह महिला का चचेरा भाई है। हाल के वर्षों में कराची में स्वतंत्रता दिवस के जश्न के दौरान हवा में फायरिंग से कई बार लोग हताहत हुए हैं। 2025 में ऐसी ही घटनाओं में तीन लोगों की मौत हुई और कम से कम 75 लोग घायल हुए। 2024 में स्वतंत्रता दिवस के जश्न के दौरान हवा में फायरिंग की घटनाओं में लगभग 95 लोग घायल हुए थे।
दुनिया न्यूज की रिपोर्ट में कहा गया है कि जैसे ही घड़ी में रात के 12 बजे और 14 अगस्त की शुरुआत हुई, कराची के लोग 14 अगस्त 1947 को मिली आजादी की वर्षगांठ मनाने के लिए सड़कों और छतों पर पहुंच गए। जश्न के दौरान हवा में गोलीबारी की गई। इस बीच प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने स्वतंत्रता दिवस पर देश को बधाई दी। उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी एक "ऐतिहासिक जीत" के साये में मुल्क के लिए कुर्बान लोगों को श्रद्धांजलि दे रहा है।
प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने इस्लामाबाद में स्वतंत्रता दिवस की खुशी में एक समारोह को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि मुल्क आज अपनी संस्थापक पीढ़ी की कुर्बानियों को याद करता है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के लिए पानी की हर एक बूंद अति संवेदनशील मुद्दा है। अगर भारत ने पानी के मुद्दे पर गड़बड़ी की तो मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। शहबाज ने कहा कि उनकी सरकार की पहली प्राथमिकता युवा पीढ़ी को विकास के नए मौके देना है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
