सिविल संविदा के व्यापारियों के साथ राज्य कर विभाग द्वारा ’’संवाद कार्यक्रम’’ आयोजित
श्रावस्ती। शासन के निर्देशानुसार राज्य कर कार्यालय, भिनगा में सिविल संविदा के व्यापारियों के साथ राज्य कर विभाग श्रावस्ती द्वारा ’’संवाद कार्यक्रम’’ आयोजित किया गया। उक्त संवाद कार्यक्रम में कान्ट्रैक्टर तेज प्रताप सिंह, रजत शुक्ला, सईद अहमद, वैकट रमन विश्वकर्मा, अधिवक्ता निशांत ओझा आदि उपस्थित हुए।उपस्थित व्यापारियों एवं अधिवक्ताओं से शासन की अपेक्षाओं से अवगत कराया गया तथा यह अनुरोध किया गया कि नियमित रूप से समयान्तर्गत जीएसटी रिटर्न दाखिल करते रहे ताकि विलंब शुल्क एवं अर्थदण्ड आदि सम्बन्धी उत्पीड़नात्मक कार्यवाहियों से बचा जा सके।
उपायुक्त, राज्य कर, आनन्द कुमार राय द्वारा उपस्थित अधिवक्ताओं एवं सम्मानित सिविल संविदा व्यापारियों को विश्वास दिलाया गया कि अप्रयोज्य आईटीसी के सम्बन्ध में, टीडीएस कटौती प्रमाण पत्र एवं समय से रिटर्न फाइलिंग में आने वाली समस्याओं अथवा किसी प्रकार की समस्या का अनुभव होने पर बिना किसी संकोच के राज्य कार्यालय श्रावस्ती में सम्पर्क स्थापित कर सकते हैं अथवा आवश्यकता होने पर दूरभाषिक वार्ता भी की जा सकती है। इसी क्रम में श्री तेज प्रताप सिंह ठेकेदार तथा अधिवक्ता श्री निशांत ओझा द्वारा कई महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए गए तथा उपस्थित अधिकारियों द्वारा आश्वस्त किया गया कि व्यापारियों एवं अधिवक्ताओं द्वारा दिये गये समस्याओं व सुझावों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा एवं समस्याओं का समयान्तर्गत निस्तारण किया जाएगा। अन्त में राज्य कर अधिकारी, बीरी सिंह द्वारा उपस्थित व्यापारी एवं अधिवक्तागण को धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में छह वर्षों का अनुभव रखने वाले धर्मवीर सोनी वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ के श्रावस्ती ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने पत्रकारिता में पीजीजेएमसी (PGJMC) की डिग्री प्राप्त की है और क्षेत्रीय मुद्दों पर तथ्यपरक कवरेज कर रहे हैं।
