ग्लिसरीन फैक्ट्री में विस्फोट, एक मजदूर की मौत
पश्चिम मेदिनीपुर। पश्चिम मेदिनीपुर जिले के खड़गपुर ग्रामीण थानांतर्गत हरियातारा इलाके में सोमवार शाम एक लिक्विड ग्लिसरीन फैक्ट्री में वेल्डिंग के दौरान हुए विस्फोट में एक मजदूर की मौत हो गई। घटना के बाद फैक्ट्री के अन्य मजदूर और स्थानीय निवासी दहशत में आ गये। पुलिस सूत्रों के अनुसार मृत मजदूर का नाम मंजीत कुमार(25) है। वह बिहार का निवासी था। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्लिसरीन फैक्ट्री के विशाल ग्लिसरीन चैंबर के ढक्कन पर बैठकर मजदूर वेल्डिंग कर रहा था। कुछ अन्य लोग नीचे खड़े थे। अचानक ग्लिसरीन चैंबर में गैस उत्पन्न हुई और विस्फोट हो गया। विस्फोट इतना तेज था कि मजदूर ढक्कन सहित फैक्ट्री से करीब 100 मीटर दूर जा गिरा। मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। अन्य लोग घबराकर भागने लगे। विस्फोट की तेज आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। खड़गपुर ग्रामीण थाने की पुलिस और दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। स्थानीय लोगों ने शव को घेरकर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। उनका कहना था कि फैक्ट्री में मजदूरों की कोई सुरक्षा नहीं है। भविष्य में और भी बड़ी दुर्घटनाएं हो सकती हैं। पुलिस ने बताया है कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए खड़गपुर महकमा अस्पताल भेजा जा रहा है। पुलिस ने मजदूर के घर पर भी सूचना दे दी है। एक स्थानीय निवासी ने बताया, "बहुत तेज आवाज हुई। हम लोग आवाज सुनकर भागे। बाद में पता चला कि विस्फोट हुआ है। एक व्यक्ति की मौत हो गई है।"
टिप्पणियां