प्रयागराज में भारी बारिश के बीच चेतावनी, गंगा-यमुना का जलस्तर बढ़ा
हालांकि दोनों नदियां अभी तो खतरे के निशान से काफी नीचे
- यमुना नदी का जलस्तर नैनी में 74.51 मीटर दर्ज
- बाढ़ नियंत्रण विभाग अलर्ट, तटबंध सुरक्षित और लगातार निगरानी जारी
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में हो रही बारिश के बीच गंगा और यमुना नदी के जलस्तर में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। हालांकि दोनों नदियां अभी भी खतरे के निशान से काफी नीचे बह रही हैं और सभी तटबंध पूरी तरह सुरक्षित हैं।
बाढ़ नियंत्रण कक्ष की जारी रिपोर्ट के अनुसार खतरे का निशान 84.734 मीटर निर्धारित है। यमुना नदी का जलस्तर नैनी में 74.51 मीटर दर्ज किया गया, जो पिछले 24 घंटे में 32 सेंटीमीटर बढ़ा है। इस क्षेत्र में 7.6 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।
वहीं गंगा नदी का जलस्तर फाफामऊ में 77.50 मीटर पर स्थिर रहा, जबकि छतनाग में जलस्तर 73.85 मीटर दर्ज किया गया, जो पिछले 24 घंटे में 19 सेंटीमीटर बढ़ा है। फाफामऊ में 8 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जबकि छतनाग क्षेत्र में वर्षा नहीं हुई। बाढ़ नियंत्रण विभाग के अनुसार जिले के सभी तटबंध सुरक्षित हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। जलस्तर में हो रहे बदलाव की नियमित निगरानी की जा रही है ताकि किसी भी आपात स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
