सेल्समैन का सामान चोरी करने वाला शातिर गिरफ्तार, 148 सिगरेट की डिब्बियां और नकदी बरामद
कैसरबाग पुलिस ने इंदिरागांधी आई हॉस्पिटल के पास हुई चोरी का किया खुलासा, दो साथियों के साथ वारदात को दिया था अंजाम
लखनऊ। कैसरबाग थाना पुलिस ने सेल्समैन का सामान चोरी करने के मामले का खुलासा करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की 148 सिगरेट की डिब्बियां, 3,970 रुपये नकद, दो मोबाइल फोन और दो स्कूटी बरामद की हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर इंदिरागांधी आई हॉस्पिटल के गेट के पास चोरी की घटना को अंजाम दिया था।
14 अगस्त को दर्ज हुआ था मुकदमा
पुलिस के अनुसार, 14 अगस्त 2026 को वादी संदीप अग्रवाल पुत्र रामचन्द्र अग्रवाल, निवासी वजीर हसन रोड, हजरतगंज, लखनऊ ने थाना कैसरबाग में लिखित तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि अज्ञात व्यक्ति द्वारा उनके सेल्समैन की करीब 49 हजार रुपये कीमत की सिगरेट की डिब्बियां और 59 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए गए हैं।तहरीर के आधार पर थाना कैसरबाग में मु0अ0सं0 142/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम ने संदिग्धों की तलाश और सुरागरसी-पतारसी शुरू की।
ये खबर भी पढ़े : एसबीटी पब्लिक स्कूल में शान से लहराया तिरंगा, देशभक्ति के रंग में रंगा विद्यालय परिसरबीएन रोड पर घेराबंदी कर दबोचा
15 अगस्त 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि घटना में शामिल आरोपी मुजम्मिल स्कूटी से बीएन रोड की तरफ आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बालाकदर रोड से आने वाले बीएन रोड पर घेराबंदी कर दी।
कुछ देर बाद एक संदिग्ध व्यक्ति स्कूटी से आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो उसने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मुजम्मिल पुत्र मोमीन चौधरी, उम्र करीब 41 वर्ष, बताया। वह मूल रूप से गाजियाबाद का रहने वाला है और वर्तमान में लखनऊ के सहादतगंज थाना क्षेत्र में रह रहा था।
दो साथियों के साथ मिलकर चोरी की थी
पुलिस पूछताछ में मुजम्मिल ने इंदिरागांधी आई हॉस्पिटल के गेट के पास सेल्समैन का सामान चोरी करने की बात स्वीकार की। आरोपी के मुताबिक, उसने अपने दो साथियों शमशाद अहमद और शहबाज के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था।
आरोपी ने बताया कि तीनों दो स्कूटी से हॉस्पिटल के गेट के पास पहुंचे थे। वहां एक व्यक्ति का सामान चोरी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में सिगरेट की डिब्बियां थीं। चोरी किए गए सामान को तीनों ने आपस में बराबर बांट लिया था।पुलिस के अनुसार, चोरी के सामान का कुछ हिस्सा आरोपियों ने राह चलते लोगों को बेच दिया, जबकि कुछ सामान मुजम्मिल के पास बचा हुआ था।
148 सिगरेट की डिब्बियां बरामद
पुलिस ने आरोपी की तलाशी और उसकी स्कूटी की जांच की तो उसके पास से दो वीवो मोबाइल फोन और 3,970 रुपये नकद बरामद हुए। इसके अलावा होंडा एक्टिवा संख्या UP14GL8620 की सीट के अंदर रखे नीले रंग के झोले से 94 सिगरेट की डिब्बियां मिलीं।दूसरी स्कूटी की डिग्गी की तलाशी लेने पर 54 सिगरेट की डिब्बियां बरामद हुईं। इस तरह पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल 148 सिगरेट की डिब्बियां बरामद कीं।बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की है।
दो स्कूटी और महत्वपूर्ण दस्तावेज भी मिले
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो स्कूटी बरामद की हैं। इनमें होंडा एक्टिवा संख्या UP14GL8620 और स्कूटी संख्या UP32PM8759 शामिल हैं।इसके अलावा पुलिस ने आरोपी के पास से एक आधार कार्ड, एक पैन कार्ड और एक केनरा बैंक रुपे डेबिट/प्रीपेड कार्ड भी बरामद किया है।
पहले भी दर्ज हैं मुकदमे
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी मुजम्मिल का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ थाना साहिबाबाद, जनपद गाजियाबाद में वर्ष 2016 में दो मुकदमे दर्ज हुए थे।इनमें मु0अ0सं0 677/2016, धारा 4/25 आयुध अधिनियम तथा मु0अ0सं0 680/2016, धारा 102/41/411/414 के तहत मुकदमे शामिल हैं।
आरोपी न्यायालय में पेश किया जा रहा
पुलिस ने आरोपी को उसके खिलाफ दर्ज मुकदमे और गिरफ्तारी के कारणों से अवगत कराते हुए 15 अगस्त 2026 को नियमानुसार गिरफ्तार किया। आरोपी को रिमांड के लिए माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।पुलिस अब आरोपी के दोनों साथियों शमशाद अहमद और शहबाज की भूमिका और उनकी गिरफ्तारी के लिए भी प्रयास कर रही है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
