बिजनौर में अवैध खनन व ओवरलोडिंग पर बड़ी कार्रवाई, 39.77 लाख रुपये वसूले
रामनाथ सिंह
बिजनौर। शासन, खनिज निदेशालय, आयुक्त एवं जिलाधिकारी के निर्देश पर जनपद में जून 2026 के दौरान अवैध खनन, परिवहन और ओवरलोडिंग के खिलाफ टास्क फोर्स द्वारा दिन-रात अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की गई।
खान अधिकारी डॉ. सुशील कुमार ने बताया कि खनिज निदेशालय के आदेश पर गठित प्रवर्तन दल में क्षेत्रीय प्रवर्तन अधिकारी राम पदारथ सिंह एवं प्राविधिक सहायक भूविज्ञान आदित्य पाण्डेय को बिजनौर में विशेष जांच के लिए नामित किया गया था। टीम ने अवैध खनन, ओवरलोडिंग, फर्जी नंबर प्लेट और आईएसटीपी मामलों में प्रभावी कार्रवाई की।
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) देवेन्द्र पाल सिंह ने खान विभाग के साथ संयुक्त रूप से नगीना, नजीबाबाद और बिजनौर तहसील क्षेत्रों में निरीक्षण अभियान चलाकर खनिज लदे वाहनों की जांच की।
जून माह में एम-चेक के माध्यम से 1888 वाहनों की जांच की गई, जिसमें 17 वाहनों को ऑनलाइन नोटिस जारी कर 32.76 लाख रुपये राजकोष में जमा कराए गए। वहीं चेकगेट से 17 वाहनों पर कार्रवाई कर 3.11 लाख रुपये तथा ऑफलाइन कार्रवाई में 31 वाहनों से 3.90 लाख रुपये की वसूली की गई। कुल मिलाकर 39.77 लाख रुपये राजकीय कोष में जमा कराए गए। इसके अलावा 31 वाहनों के खिलाफ न्यायालय में परिवाद भी दर्ज कराए गए।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रतिबंधित मार्गों पर खनिज लदे वाहनों का संचालन नहीं होने दिया जाएगा और अवैध खनन या ओवरलोडिंग करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
