संत कबीर नगर, आज हीरालाल रामनिवास इंटर कॉलेज, खलीलाबाद में 10 दिवसीय संस्कृत संभाषण प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रतिभागियों को सरल एवं व्यावहारिक विधि से संस्कृत बोलना, लिखना, पढ़ना तथा समझना सिखाना है, जिससे वे दैनिक जीवन में भी संस्कृत का सहज प्रयोग कर सकें।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. विजय कृष्ण ओझा ने कहा कि संस्कृत हमारी सांस्कृतिक विरासत की आत्मा है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से इस प्रशिक्षण का भरपूर लाभ उठाकर संस्कृत भाषा के प्रचार-प्रसार में योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्य अरुण कुमार ओझा ने की। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में उन्होंने विद्यार्थियों एवं प्रतिभागियों को प्रतिदिन संस्कृत में बोलने, लिखने और समझने का अभ्यास करने का आग्रह किया तथा विश्वास व्यक्त किया कि यह प्रशिक्षण प्रतिभागियों में आत्मविश्वास बढ़ाएगा और संस्कृत के प्रति रुचि विकसित करेगा।
प्रशिक्षक एवं संयोजक चन्द्रमोली त्रिपाठी ने प्रशिक्षण की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि 10 दिनों तक संवाद, वार्तालाप, गीत, खेल एवं विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों को सरल एवं प्रभावी ढंग से संस्कृत संभाषण का अभ्यास कराया जाएगा।इस अवसर पर विद्यालय के प्रवक्ता मदनलाल, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।