वीबीजी-रामजी में पात्रों को कार्य देने पर जोर
लखनऊ। योगी सरकार यूपी में केन्द्र सरकार की योजनाओं का भरपूर लाभ उठाकर अपना तनमत मजबूत कर रही है। इसी क्रम में वीबीजी-रामजी योजना का लाभ हर पात्र ग्रामीण को दिलाने की कोशिश तेज हो गयी है। इसे लेकर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शुक्रवार को ग्राम्य विकास की समीक्षा बैठक में सभी पात्रों को योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिये। साथ ही इसके संचालन में किसी प्रकार की शिथिलता, लापरवाही बर्दाश्त न करने और इसकी जिम्मेदारी विभागीय अधिकारियोें को सौंपी।
अपने आवास पर आयोजित बैठक में केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि सभी ग्राम सभाओं में बिना विलम्ब कार्य प्रारम्भ कराया जाए, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीणों को रोजगार उपलब्ध हो सके। उन्होंने रोजगार सेवकों की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने, नियमित एफडीओ की नियुक्ति करने तथा धनराशि का जिलेवार आवंटन करने के निर्देश दिए। भारत सरकार के स्पर्श एप तथा प्रदेश के वित्त विभाग के एप के माध्यम से धन आवंटन में आ रही तकनीकी समस्याओं का तत्काल समाधान कराया जाए। उन्होंने पौधरोपण अभियान के अंतर्गत रोपे गए वृक्षों को जीवित रखने के लिए कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए।
उप मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि प्रदेश के सभी अमृत सरोवरों पर आगामी 15 अगस्त के ध्वजारोहण कार्यक्रम से पूर्व साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, रेलिंग, सौंदर्यीकरण पूर्ण कर लिए जाएं। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत एवं विकास खण्ड स्तर पर विशेष शिविर आयोजित कर पात्रता, आवश्यक दस्तावेजों एवं आवेदन प्रक्रिया की जानकारी जनता तक पहुंचाई जाए। जनता के हितों से खिलवाड़ करने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर ग्राम्य विकास विभाग के प्रमुख सचिव सौरभ बाबू, आयुक्त जी.एस. प्रियदर्शी सहित कई विभागी अधिकारी भी उपस्थित रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
राजेश कुमार सिंह को पत्रकारिता एवं मीडिया क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने लखनऊ विश्वविद्यालय से बीएससी, एलएलबी और मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। वर्तमान में वह हिंदी दैनिक ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं। राजनीतिक, प्रशासनिक और शासन से जुड़े विषयों पर उनकी गहरी समझ है।
