बहराइच:मसूद गाजी नहीं अब राष्ट्र नायक महाराजा सुहेलदेव के नाम पर बहराइच में लगेगा मेला
By Arun Agrawal
On
बहराइच में महाराजा सुहेलदेव स्मारक का उद्घाटन व प्रतिमा अनावरण के साथ विभिन्न योजनाओं का लोकार्पण तथा शिलान्यास करते सीएम योगी आदित्यनाथ
बहराइच। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को महाराजा सुहेलदेव के विजय दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने बहराइच पहुंचे। सीएम ने 3949.06 लाख की लागत से जिले के ब्लाक चित्तौरा के ग्राम मसीहाबाद में चित्तौरा झील के तट पर 6.803 हेक्टेयर की भूमि पर निर्मित चक्रवर्ती सम्राट राष्ट्रवीर महाराजा सुहेलदेव जी के स्मारक का उद्घाटन व लोकार्पण किया हैं। स्मारक स्थल के लोकार्पण के साथ ही मुख्यमंत्री ने 40 फीट ऊँचाई की महाराजा सुहेलदेव जी की प्रतिमा का अनावरण भी किया तथा आगन्तुक पर्यटकों के सुविधार्थ, पर्यटन विकास, रोजगार सृजन व पूँजी निवेश में उत्तरोत्तर बढ़ोत्तरी के दृष्टिगत निर्मित फेस्टिवल हॉल, कैफेटेरिया, कियोस्क, पाथ-वे, पार्किंग, ओपेन स्टेज, चिल्ड्रेन एरिया, हर्बल गार्डेन, ग्रास पेवर, हार्टिकल्चर, फाउण्टेन, ट्वायलेट, डारमेट्री, वीवीआईपी गेस्ट हाउस, घाट का विकास आदि कार्यों का अवलोकन कर मन्दिर में जाकर महाराजा सुहेलदेव जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस दौरान उन्होंने विदेशी आक्रांताओं के महिमामंडन को लेकर तीखा हमला बोला।
योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि अब सालार मसूद गाजी का मेला बंद हो गया जो गुलामी की मानसिकता का प्रतीक था। अब किसी भी विदेशी आक्रांता के नाम पर कोई मेला नहीं लगेगा। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने सालार मसूद के आयोजनों को बंद कराया वे धन्यवाद के पात्र है। काफी समय से विदेशी आक्रांताओं के नाम पर हो रहे आयोजनों को बंद करने की मांग हो रही थी। बहराइच में अब राष्ट्र नायक महाराजा सुहेलदेव जी के नाम से मेला लगेगा।
सीएम ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने वोट बैंक की राजनीति के कारण राष्ट्रनायकों को उचित सम्मान नहीं दिया। उन्होंने सपा और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि ये पार्टियां गाजी मियां के विवाह की होड़ में लगी थी लेकिन राष्ट्रनायकों की उपेक्षा कर रही थी। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि महाराजा सुहेलदेव जी जैसा ही भव्य स्मारक लखनऊ में महाराजा बिजली पासी के सम्मान में उनके नाम पर बनने जा रहा है। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाराजा सुहेलदेव को वह सम्मान दिलाया जो लंबे समय से नहीं मिल पाया था। उन्होंने कहा पीएम मोदी के निर्देश पर अब राष्ट्रनायकों का सम्मान हो रहा है। सुहेलदेव को अब वह जगह मिल रही है जिसके वे वास्तव में पात्र है।
स्मारक स्थल के उद्घाटन/लोकार्पण के उपरान्त मुख्यमंत्री ने अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ 511.82 करोड़ लागत की 272 परियोजनाओं का लोकार्पण तथा रू. 731.54 करोड़ लागत की 112 परियोजनाओं का शिलान्यास किया। समारोह के दौरान मुख्यमंत्री जी द्वारा मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान अन्तर्गत 3 लाभार्थियों को क्रमशः कैलास कुमार को हल्दी बायलर, चन्द्रशेखर को हल्दी पॉलिसिंग इकाई तथा प्रमोद कुमार को हल्दी डीहाईड्रेशन इकाई के लिए रू. 5-5 लाख की धनराशि के डैमो चेक का वितरण किया गया। समारोह के दौरान मा. मुख्यमंत्री जी ने बेरिया निवासी नितेश व प्रशान्त, अहिरौरा के रजनीश चौधरी, रसूलपुर सरैया के प्रमोद वर्मा व राजापुर माफी के संजय कुमार के बच्चों का अन्नप्रासन कराया तथा महाराजा सुहेलदेव जी के नाम पर बच्चों का नामकरण भी किया।
इससे पूर्व समारोह में महात्मा बुद्ध विद्यापीठ इण्टर कालेज, कैलाशनगर के छात्र-छात्राओं द्वारा सरस्वती वन्दना, गणेश वन्दना, हनुमान चालीसा, शिव ताण्डव व नारी सशक्तिकरण पर आधारित रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किये गये। इसके अतिरिक्त प्राथमिक विद्यालय अजीतपुर एवं कम्पोजिट विद्यालय गजाधरपुर के बच्चों द्वारा बालक व बालिका वर्ग में फ्री फ्लो योगा का प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम में कृषि, कृषि शिक्षा एवं कृषि अनुसंधान विभाग/प्रभारी मंत्री बहराइच सूर्य प्रताप शाही, मंत्री, पर्यटन एवं संस्कृति विभाग जयवीर सिंह, मंत्री पंचायतीराज तथा अल्संख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ एवं हज विभाग एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी ओम प्रकाश राजभर, बहराइच सांसद आनन्द गोड़, महसी विधायक सुरेश्वर सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष बृजेश पाण्डेय, पयागपुर विधायक सुभाष त्रिपाठी, सदर विधायक अनुपमा जायसवाल, बलहा विधायक सरोज सोनकर, नानपारा विधायक राम निवास वर्मा, जिला पंचायतय अध्यक्ष मंजू सिंह, विधान परिषद सदस्य पदमसेन चौधरी, एमएलसी डॉ प्रज्ञा त्रिपाठी, पूर्व कैबिनेट मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा, सुभासपा राष्ट्रीय प्रमुख डॉ अरविन्द राजभर, वरूण कुमार राजभर, राधिका पटेल,यशवेन्द्र विक्रम सिंह सहित भारी संख्या में अन्य गणमान्य व संभ्रान्तजन मौजूद रहे।
About The Author
Related Posts
अपनी टिप्पणियां पोस्ट करें
Latest News
12 Jun 2025 13:05:14
धर्मशाला। जिला पुलिस नूरपुर द्वारा नशे के खिलाफ चलाये गये अभियान के अन्तर्गत पुलिस थाना डमटाल के चक्क नांगलिया में...
टिप्पणियां