अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावा चोरी में एसआईटी और अयोध्या पुलिस ने किया प्रतापगढ़ के अविनाश शुक्ला को गिरफ्तार
कुंडा, प्रतापगढ़। बहुचर्चित अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावा चोरी मामले में प्रतापगढ़ का भी नाम आ गया है। कौशलपुरी अयोध्या में पकड़ा गया अविनाश शुक्ला प्रतापगढ़ के महेशगंज का है। उसको इस प्रकरण में पकड़े जाने की जानकारी होने पर उसके माता-पिता स्तब्ध रह गए। गांव में इसको लेकर तरह-तरह की चर्चा है।
राम मंदिर के चढ़ावा चोरी के मामले की जांच कर रही एसआइटी ने आठ आरोपितों के साथ अविनाश को भी शामिल किया है। उसके खिलाफ भी राम जन्मभूमि थाने में मुकदमा दर्ज हुआ है। हालांकि वह यह मामला उजागर होने के बाद अयोध्या से हट गया था, लेकिन पुलिस से बच नहीं पाया।
महेशगंज थाना के बाबूपुर नारियावा निवासी राम सजीवन शुक्ला के पांच बेटों में दूसरे नंबर का अविनाश है। इनका बड़ा बेटा अभिषेक अयोध्या में शिक्षक बताया जा रहा है। साथ ही तीन अन्य बेटे अमित,ललित और अन्नू घर पर रहते है।दो साल पहले अविनाश भी भाई के साथ रोजगार के सिलसिले में अयोध्या चला गया था। वहां पर इसे राम मंदिर में चढ़ावा गिनने का काम मिल गया। जब चढ़ावा चोरी का मामला आया तो जांच तेज हुई।
कौशलपुरी अयोध्या में किराए के कमरे पर रहने वाला अविनाश भी पकड़ा गया। इस बात की जानकारी मिलने पर उसके पिता राम सजीवन और मां मिथिलेश समेत परिवार के लोग परेशान हो गए। मां ने कहा कि बेटा ऐसा तो नहीं था। पता नहीं किसके बहकावे में आकर उसने ऐसा गंदा काम कर दिया। हो सकता है उसे किसी साथी ने अपने फायदे के लिए फंसा दिया हो।
इधर गांव में इस बात की चर्चा है कि अयोध्या पुलिस अविनाश को घर से पकड़कर तीन दिन पहले ले गई थी, लेकिन उसके माता-पिता ने घर पर पुलिस के आने की बात से इन्कार किया। कहा कि मोबाइल पर चल रहे वीडियो से इसकी जानकारी रविवार शाम मिली थी। हमें विश्वास नहीं है कि बेटे ने ऐसा किया होगा।
अविनाश का पैतृक घर कच्चा है। कुछ हिस्से पर टिन शेड रखा है। यहां पर उसके माता-पिता ही रहते हैं। अन्य भाई रोजगार के सिलसिले में अक्सर बाहर ही रहते हैं। कभी-कभार घर आते हैं।
अयोध्या स्थित राम जन्मभूमि ट्रस्ट मंदिर में हुए चढ़ावा चोरी के मामले में आरोपित अविनाश शुक्ला के घर से एसआईटी और पुलिस की छापेमारी के दौरान एक संदूक मिला। संदूक पर रामराज्य कोष का स्टीकर अंकित था साथ ही पेटीएम का क्यूआर कोड भी लगा हुआ था प्राप्त संदूक से पुलिस को लगभग 18 लाख रुपए बरामद हुए घटना के बाद महेशगंज थाना क्षेत्र के नरियावा गांव में ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं हैं साथ ही ग्रामीण इस मामले पर किसी भी प्रकार से बोलने को तैयार नहीं है।
राम जन्मभूमि ट्रस्ट में आरोपी बनाए गए अविनाश शुक्ला के भाई अमित शुक्ला की नोटों के बंडल के साथ फोटो वायरल हो गई। वायरल फोटो सोशल मीडिया स्रोत इंस्टाग्राम से प्राप्त हुई जिसमें गाना भी लगाया गया है। नोटों के बंडल के साथ फोटो वायरल होने से क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है।
चढ़ावा चोरी आरोपी अविनाश शुक्ला वर्तमान समय में फैजाबाद जेल में निरुद्ध है,अविनाश के पास से एक हजार डालर भी बरामद हुए थे।जिसमें पुलिस कोर्ट में आज रिमांड ले सकती है।साथ ही गहनता से जांच हेतु एसआईटी और पुलिस संयुक्त रूप से प्रतापगढ़ स्थित घर पर छापा भी मार सकती है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
ब्रजेश त्रिपाठी को पत्रकारिता क्षेत्र में 35 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। अपने लंबे करियर के दौरान उन्होंने समाचार लेखन और संपादन के विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया है। वर्तमान में वह ‘तरुणमित्र’ में उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के व्यूरो प्रमुख के पद पर कार्यरत हैं।
