प्रदेश के कई जिलों में प्री मानसून की बारिश

प्रदेश के कई जिलों में प्री मानसून की बारिश

रायपुर।बुधवार शाम को राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में मौसम का मिजाज बदल गया और तेज हवाओं के साथ बारिश होने लगी। ठंडी हवाओं और बारिश के चलते शाम का मौसम सुहाना हो गया और गर्मी से राहत मिली। प्रदेश के कई जिलों में प्री मानसून की बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने अगामी दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री बढ़ोत्तरी होने की संभावना बताई है। कुछ जगहों पर गरज चमक के साथ बारिश का अलर्ट भी है। छत्तीसगढ़ में 12 से 15 जून के दौरान मानसून के आने की भविष्यवाणी रायपुर मौसम विभाग ने की है। अभी मध्य और दक्षिण भारतीय राज्यों में बने सिस्टम की वजह से छत्तीसगढ़ में प्री मानसून की बारिश हो रही है। जिससे प्रदेश का मौसम सुहाना हो गया है।

मौसम विशेषज्ञ एचपी चंद्रा ने बताया कि एक निम्न दाब का क्षेत्र दक्षिण पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी, दक्षिण आंध्र प्रदेश तट के पास है। साथ ही चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण 7.6 किमी ऊंचाई तक विस्तारित है। यह उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर 25 मई की शाम तक पहुंचने की संभावना है। इसके प्रभाव से ही 27 व 28 मई को प्रदेश में गर्मी और बढ़ने की संभावना है।बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बन रहा है। इसके चलते चक्रवाती परिसंचरण का निर्माण हो रहा है। इसके प्रभाव के चलते ओडिशा के तटवर्ती इलाकों के साथ ही पश्चिम बंगाल और तटीय आंध्र के मौसम में परिवर्तन आ सकता है। मौसम विज्ञानियों ने 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने और बारिश होने की संभावना जताई है।

प्रदेश के मौसम में पिछले 3-4 दिनों से बदलाव देखने को मिल रहा है। इस वजह से प्रदेश में उमस और गर्मी बढ़ गई है। बुधवार को प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान बेमेतरा में 43.3 डिग्री दर्ज किया गया। प्रदेश के जिलों में अधिकतम तापमान 36 डिग्री से लेकर 43.3 डिग्री तक बना हुआ है। अगले 24 घंटों में छत्तीसगढ़ के अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा।अगले 2-3 दिनों में प्रदेश के एक दो जगहों पर गरज चमक के साथ हल्की बारिश , साथ ही गरज चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और अंधड़ चलने की भी चेतावनी है।



Tags:

About The Author

Latest News