सपा के पीडीए का मतलब परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी : ब्रजेश पाठक

सपा के पीडीए का मतलब परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी : ब्रजेश पाठक

बलिया। जनपद में शुक्रवार को प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के निशाने पर सपा और कांग्रेस रही। उन्होंने कहा कि सपा के पीडीए का मतलब परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी है। पाठक भाजपा प्रत्याशी नीरज शेखर के नामांकन से पहले रामलीला मैदान में आयोजित जनसभा में बोल रहे थे।
ब्रजेश पाठक ने परिवारवाद पर निशाना साधते हुए कहा कि लोकसभा उम्मीदवारों की सपा की सूची आयी तो भाई और भौजाई के बीच पूरी पार्टी के टिकट बंट गए। भाजपा का अगला अध्यक्ष कौन होगा, कोई नहीं जानता। सपा और कांग्रेस का नेता कौन होगा, यह सभी जानते हैं। सपा का अध्यक्ष उनके परिवार से और कांग्रेस का नेता उनके परिवार से ही होता है।उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री चन्द्रशेखर का हवाला देते हुए कहा कि वह गांव-गरीब के नेता थे। वह असली समाजवादी थे। पद के लिए समझौता नहीं किया। 1992 में सपा ने चन्द्रशेखर की पार्टी को परिवर्तित करने का काम मुलायम सिंह ने किया था।

सपा में फूट हुई तो अखिलेश यादव ने पूरी सपा पर कब्जा किया। जब-जब इस प्रदेश में सपा की सरकार रही है, अपराध का बोलबाला रहा है। हत्या, बलात्कार, लूट, डकैती, बहन-बेटी की आबरू लूटने वाले और दंगा करने वाले लोग सपा के संरक्षण में पनपते रहे हैं। हमारी सरकार ने वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट दिया है, जबकि सपा सरकार में वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया था। आज रात के बारह बजे भी बहू-बेटियां सुरक्षित हैं।सपा-कांग्रेस के गठबंधन को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि राहुल गांधी और अखिलेश यादव में एक समानता है। जो बार-बार दोनों को एक साथ आने पर मजबूर करती हैं। सपा और कांग्रेस का डीएनए एक है। सपा मुखिया ऑस्ट्रेलिया से शिक्षा-दीक्षा लेकर आये हैं तो कांग्रेस के राहुल गांधी का लालन-पालन इटली के संस्कारों में हुआ है।

इनका गांव की गरीब जनता से कोई लेना-देना नहीं है। यदि गरीबों का कोई नेता है तो वह नरेंद्र मोदी हैं। पांच करोड़ गरीबों को पक्का घर दिया है। तीन करोड़ और देने जा रहे हैं। शौचालय देकर पीएम मोदी ने महिलाओं को इज्जत से जीने का हक दिया है।सभा को परिवहन राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार दयाशंकर सिंह, दयाशंकर मिश्र दयालु, राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी, सांसद वीरेन्द्र सिंह मस्त, एमएलसी रविशंकर सिंह पप्पू, विजयबहादुर दूबे, मार्कण्डेय शाही, पूर्व सांसद भरत सिंह, पूर्व मंत्री उपेन्द्र तिवारी, पूर्व मंत्री आनंद स्वरूप शुक्ल, पूर्व मंत्री राजधारी सिंह, पूर्व विधायक सुरेन्द्र सिंह, संत कुमार गुप्ता, अनूप चौबे, नागेंद्र पाण्डेय व सानंद सिंह आदि ने किया। संचालन लोकसभा संयोजक राजीव मोहन चौधरी ने किया।

Tags: balia

About The Author

Latest News