’कम नहीं हो रहा सर्दी का सितम, तापमान में लगातार गिरावट’
न्यूनतम तापमान 6 और अधिकतम तापमान 15°डिग्री सेल्सियस किया गया दर्ज
सभी विद्यालयों में कक्षा आठ तक की कल भी रहेगी छुट्टी, बीएसए ने जारी किया आदेश
मथुरा- सर्दी का सितम कम नहीं हो रहा है। गुरूवार को भी भगवान भास्कर के दर्शन दुर्लभ रहे। दोपहर को हल्की सी राहत मिली लेकिन जैसे जैसे शाम होने को आई सर्द हवाओं ने लोगों को कंपकंपी छुडा दी। राया कृषि फार्म पर गुरूवार को न्यनतम तापमान छह और अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। आगामी दिनों में भी मौसम के मिजाज में बदलाव के संकेत नहीं हैं। वहीं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने कक्षा आठ तक के सभी विद्यालयों के बच्चों की दो दिन की छुट्टी और बढा दी है। शुक्रवार को भी इन कक्षाओं के बच्चों की छुट्टी रहेगी। सर्दी के प्रकोप को देखते हुए उपजिलाधिकारी मांट ने राया में रेन बसेरा का निरीक्षण किया।
इस दौरान अव्यवस्थाओं को देखकर उपजिलाधिकारी नाराज दिखाई दीं। राया के रेलवे रोड पर नगर पंचायत के द्वारा पुराने नगर पंचायत भवन में रेन बसेरा का संचालन किया जा रहा है। उपजिलाधिकारी मांट प्रीति जैन ने रेन बसेरा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान रेन बसेरा में फैली गंदगी व अव्यवस्थाओं को लेकर उन्होंने नाराजगी जतायी व अधिशाषी अधिकारी को व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। रेन बसेरा में पीने के पानी की कोई व्यवस्था नहीं थी इसके अलावा वहाँ ठेकेदारी में मजदूरी करने वाले रुके हुए थे जो वहीं खाना बना रहे थे। शौचालय में पानी टपक रहा था। वहीं रेन बसेरा की छत की पटिया चटकी हुई थी। जर्जर अवस्था मे संचालित रेन बसेरा को देखकर उपजिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जाहिर की।
टिप्पणियां